बैठक में मौजूद स्वराज किसान मोर्चा व गौ किसान समृद्धि ट्रस्ट के सदस्य।
तोशाम। परिजनों की सहमति बगैर शादी व लिव इन रिलेशनशिप को बैन किए जाने व बढ़ावा देने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर ग्राम स्वराज किसान मोर्चा व गो किसान समृद्धि ट्रस्ट ने अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न गांवों में जाकर ग्रामीणों को इनके दुष्प्रभावों से अवगत करवाकर लोगों के हस्ताक्षर करवाए गए।
इसी कड़ी में बुधवार को मोर्चा व ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बुधवार को हसान, साहेलवाला, बुसान, रोढ़ा, ईशरवाल, पटौदी, संडवा में जागरूकता अभियान चलाया तथा ग्रामीणों से हस्ताक्षर भी करवाए, जिसकी प्रति को ज्ञापन के रूप में 20 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम तोशाम एसडीएम के माध्यम से सौंपा जाएगा।
गो किसान समृद्धि ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं ग्राम स्वराज किसान मोर्चा के महासचिव महेंद्र सिंह गोदारा ने बताया कि प्रदर्शन की शुरूआत सुबह 11 बजे तोशाम अनाज मंडी से होगी तथा प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कार्यालय पर जाकर मांगपत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन व ज्ञापन के बाद भी यदि सरकार कोई सख्त कदम नहीं उठाती है तो अन्य सामाजिक संगठनों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा। इस मौके पर ग्राम स्वराज किसान मोर्चा के कार्यकारिणी सदस्य मा. रूघबीर भेरा, ट्रस्ट के सदस्य मनफूल जटासरा पटौदी, राजबीर बागनवाला, अनिल बागनवाला मौजूद रहे।