फाइनेंस पर ली गई एक गाड़ी को हथियार के बल पर छीनने के आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत सिटी पुलिस को दी। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में डोहका हरिया निवासी राजेश का कहना है कि उसने 2007 में टाटा एजेंसी में ड्राइवर की नौकरी की थी। इसी दौरान उसकी एजेंसी में ही बातौर सेल्समैन अशोक मांडी हरिया निवासी से पहचान हो गई थी। अशोक फाइनेंस का काम भी करता था। उसने उससे आई 20 कार लेने की बात कही और उसे एक लाख 15 हजार रुपये नगद दे दिए, जबकि बाकी की रकम फाइनेंस कराने की बात हुई। इस पर अशोक ने उसके कागजात ले लिए और फिर कैथल से उसने गाड़ी को फाइनेंस पर दिला दिया। राजेश का कहना है कि वह गाड़ी की लगातार किस्त भरता है जबकि उसे गाड़ी का सेल लेटर नहीं मिला है। गत छह फरवरी को वह अपनी बहन के मकान से गाड़ी लेकर जा रहा था तो लोहारू रोड पर देवीलाल चौक के समीप अशोक व फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने उसे पिस्तौल दिखाकर जबरन उसकी गाड़ी छीन ली और फिर उसे धमकी देकर फरार हो गए। आरोपियों ने गाड़ी को एक यार्ड में लाकर खड़ा कर दिया। उसने कहा कि लगातार गाड़ी की किस्तें जमा कराई गई। उसका यह भी कहना है कि उसकी दो किस्ते बकाया हो गई थी। मगर कंपनी की तरफ से उसे कोई नोटिस नहीं दिया था। इस मामले में पुलिस ने राजेश की शिकायत पर अशोक सहित तीन युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।