संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। त्योहारी सीजन में शहर के मुख्य बाजारों में अस्थायी दुकानें और स्टॉलें सड़कों तक पहुंच चुकी हैं। ऐसे में बाजारों के रास्ते सिकुड़ गए हैं वहीं पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
वहीं घंटाघर से सराय चौपटा, किरोड़ीमल मंदिर बाजार, बर्तन बाजार और कपड़ा बाजार में ज्यादा भीड़ जुटने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। सर्कुलर रोड पर लग रहे जाम में दमकल भी फंस गई। शहर थाना पुलिस की तरफ से दुकानदारों को बाजारों में अतिक्रमण हटाने को लेकर चेतावनी दी गई है। शहर के सर्कुलर रोड पर दिनभर वाहनों की जाम की स्थिति बन रही है।
मंगलवार दोपहर पौने तीन बजे हांसी गेट से घंटाघर की तरफ जाने वाले मार्ग पर दमकल भी जाम में फंस गई। जाम में फंसी दमकल का हूटर सुनने के बावजूद भी वाहन आगे से नहीं हट रहे थे। हांसी गेट से घंटाघर मार्ग पर सबसे अधिक जाम लग रहा है। वाहनों की रफ्तार सर्कुलर रोड पर थम चुकी हैं।
अतिक्रमण कर लगाई स्टॉलें : घंटाघर से सराय चौपटा की तरफ जाने वाले बाजार में वाहनों का पूरी तरह से प्रवेश बंद हो चुका है। मगर यहां सड़क पर मिट्टी के दीये और बर्तन व सजावटी सामान बेचने वालों की स्टॉलें सज गई हैं। जिसकी वजह से 60 फीट चौड़ा मार्ग भी अब मात्र सात फीट बचा है।
दुकानों के आगे दुकानदारों का अतिक्रमण है। इसके आगे सड़क पर स्टॉलें लग चुकी हैं, ऐसे में बाजार में आने वाले पैदल चलने वालों के लिए भी मुश्किल से रास्ता बचा है।
पुलिस कर रही बाजारों में गश्त : शहर के मुख्य बाजारों में पुलिस जाम सुलझाने के साथ दुकानदारों द्वारा तय सीमा से आगे रखे सामान हटवाने का भी प्रयास कर रही है। शहर थाना पुलिस प्रबंधक ने व्यापारियों व दुकानदारों के साथ बैठक कर त्योहारी सीजन में कानून और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है वहीं व्यापारियों ने भी पुलिस को सहयोग का आश्वासन दिया है।