भिवानी। शहर के डीसी कॉलोनी में बिजली निगम कर्मचारी रिहायशी कॉलोनी के पिछले हिस्से के मुख्य रास्ते पर नगर परिषद के पार्क में सामुदायिक केंद्र की आड़ में व्यावसायिक प्रयोग के लिए दुकानें भी तैयार की जा रही हैं। जिनका निर्माण काम अभी चल रहा है। क्षेत्र के कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जता दी है वहीं स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन ने भी इस मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए नप व उच्चाधिकारियों को शिकायत दी है।
नगर परिषद का करीब ढाई सौ वर्गगज में तिकोना पार्क बना हुआ है। यहां पहले लोग कूड़ा डालते थे, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों के अनुरोध पर ही नगर परिषद ने इसे पार्क का रूप देकर इसकी चहारदीवारी व अन्य विकास काम कराए थे। अब नगर परिषद के बजट से ही यहां पार्क के कुछ हिस्से में सामुदायिक केंद्र यानी सार्वजनिक तौर पर प्रयोग के लिए कमरा बनाया जा रहा है। कमरों के साथ ही मुख्य रास्ते पर दो दुकानें भी बनाई जा रही हैं।
हांसी रोड से बिजली निगम के 33 केवी पावर सब स्टेशन के समीप से डीसी कॉलोनी की तरफ जाने वाले मार्ग पर करीब ढाई सौ वर्गगज भूमि पर तिकोना पार्क है। अब इसी पार्क के कुछ हिस्से में नगर परिषद के बजट से सामुदायिक कक्ष निर्माण किया जा रहा है। जिसमें एक बड़ा हॉल और शौचालय व किचन तैयार किया जा रहा है। इसी के साथ मुख्य रास्ते की तरफ दो दुकानों की नींव भरकर दीवारें खड़ी कर दी गई हैं, सिर्फ छत डालना बाकी बचा है। जिस पर क्षेत्र के लोगों ने एतराज जताया वहीं स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के अध्यक्ष बृजपाल सिंह परमार ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों को कर दी। जिसके बाद नप अधिकारियों में खलबली मच गई है। दबी जुबान में लोगों का यह भी आरोप है कि यहां सामुदायिक केंद्र की आड़ में व्यवसायिक गतिविधि चलाकर फिर से इस जगह को कब्जाने की कोशिश भी हो रही है।
-नप चेयरपर्सन प्रतिनिधि बोले: नगर परिषद का है पार्क, सामुदायिक कक्ष निर्माण की ली गई थी अनुमति, नहीं बनाने देंगे दुकान
-पूर्व वाइस चेयरमैन बोले : नप के पिछले कार्यकाल में कब्जा मुक्त कराकर जगह पर बनाया था पार्क, अब लोगों की मांग पर ही हो रहा है ये
किसी भी सार्वजनिक पार्क के अंदर किसी भी तरह का निर्माण कार्य गलत है, जोकि उसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ के दायरे में आता है। डीसी कॉलोनी के पार्क में मुख्य रास्ते की तरफ नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। जबकि नगर परिषद ने यहां बजट सामुदायिक केंद्र निर्माण के लिए जारी किया है। कुछ लोग इसे अपने हित प्रयोग के लिए एक सोची समझी साजिश के तहत तैयार कराकर कब्जा जमाने की फिराक में हैं, पहले भी नगर परिषद के अंदर इस तरह के भूमि और सार्वजनिक जगह कब्जाने के मामलों की जांच सीबीआई में चल रही है। मैंने इस संबंध में शिकायत कर दी है। -बृजपाल सिंह परमार, अध्यक्ष, स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन भिवानी।
मेरे वार्ड में डीसी कॉलोनी के तिकोना पार्क के अंदर नगर परिषद से बाकायदा टेंडर कराकर सामुदायिक केंद्र निर्माण कराया जा रहा है। ये काम क्षेत्र के लोगों की मांग पर ही किया जा रहा है। यहां महिलाओं के लिए सिलाई सेंटर या फिर बच्चों के लिए ई-लाइब्रेरी बनाए जाने की योजना है। इसके अलावा भी सामूहिक कार्यों के लिए इस जगह का प्रयोग किया जा सकेगा। यहां कोई दुकानें नहीं बनाई जा रही हैं। -सतेंद्र मोर वार्ड 31 का पार्षद व पूर्व उपाध्यक्ष नप भिवानी।
नगर परिषद की तरफ से डीसी कॉलोनी के पार्क को पहले विकसित कराया गया था। अब यहां सामूहिक उपयोग के लिए एक कक्ष निर्माण किया जा रहा है। जिसकी अनुमति ली गई है। यहां दुकानें बनाने की कोई अनुमति नहीं है, अगर ऐसा किया जा रहा है तो तत्काल प्रभाव से काम बंद कराकर इस पर कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। नगर परिषद शहर के अंदर सार्वजनिक पार्कों का जीर्णोंद्धार का काम करा रहा है। -भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि नगर परिषद भिवानी।