बहल (भिवानी)। गांव मंढोली खुर्द में 11 नवंबर की रात चूल्हे पर खाना बनाते समय हुए विस्फोट में घायल गांव शेरला निवासी 30 वर्षीय शंकर लोहार ने छह दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में तीन वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए थे।
जानकारी के अनुसार मंढोली खुर्द में किराये के मकान में रहने वाले अनूप की पत्नी सपना 11 नवंबर की रात करीब सवा सात बजे आंगन में ईंटों से बने चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। सपना के अनुसार विस्फोट से पहले चूल्हे पर आधे से अधिक खाना बन चुका था। धमाके से चूल्हे के आसपास रखा खाना और अन्य सामान दूर-दूर तक बिखर गया। इस दौरान उनका तीन वर्षीय बेटा शिव प्रवेश विस्फोट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सपना, सोनाक्षी, रेनू, मुकेश, कर्ण जीत और शंकर सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की दीवारों पर मेटल और मॉस के टुकड़े चिपक गए थे। वहीं तवा भी टुकड़े-टुकड़े हो गया था।
शंकर का बहल में चल रहा था उपचार
विस्फोट में गंभीर रूप से घायल शंकर को उपचार के लिए बहल में हाल ही में खुले एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। छह दिन तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना सिवानी पुलिस को दी गई।
भाई दूज पर बहन के घर आया था शंकर
शंकर की चार बहनों की शादी मंढोली खुर्द गांव में हुई है। वह भाई दूज पर अपनी बहन से मिलने उसके घर आया हुआ था। उसे क्या पता था कि बहन के घर पर उसका यह अंतिम त्योहार होगा। हादसे के बाद से ही परिजन उसकी सलामती की उम्मीद लगाए हुए थे लेकिन मंगलवार को मौत की सूचना मिलने से परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने जुटाए सैंपल, एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। टीम ने चूल्हे और उसके आसपास से आवश्यक सैंपल एकत्रित किए थे। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जांच के लिए साक्ष्य एफएसएल लैब मधुबन भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया शंकर
शंकर लोहार का काम करने के साथ मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। वह शादीशुदा था और उसके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। वह चार बहनों और दो भाइयों में से एक था। उसकी असमय मौत से चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
विस्फोट हादसे में मृतक शंकर के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। हादसे में एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए मधुबन लैब की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। - सुरेंद्र कुमार, डीएसपी, सिवानी