बवानीखेड़ा के वार्ड 7 की गली में जमा गंदा पानी।
बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा में इन दिनों गंदे पानी की निकासी की समस्या बनी हुई है। इसके चलते वार्ड 7 में सीवरेज व्यवस्था चरमराई हुई है। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुनील कुमार ने इसे ठीक करवाने की बात कही।
वार्ड सात निवासी हनुमान पारासर, राजेश ,अशोक, पवन, कश्मीरी लाल, अमन पाराशर, सुभाष, राजकुमार, हरिचरण ने बताया कि उनकी गली बनाने में लापरवाही बरती गई है। गली को समतल बनाने की जगह सीवरेज से नीचे बनाया गया है। इससे घरों का पानी सीवरेज की जगह गली में निकल रहा है।
वार्डवासियों ने बताया कि जिस दिन घरों में पेयजल सप्लाई आती है, उस दिन घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। उनकी गली तालाब का रूप धारण कर लेती है। कुछ पानी सूखने लगता है और फिर सप्लाई आती है। जिससे फिर वही हालात बन जाते हैं।
वार्डवासियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें घर से बाहर निकलने के लिए पड़ोसियों की छत से होकर दूसरी गली से बाजार में सामान लेने के लिए आना जाना पड़ता है। विभाग इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं कर रहा है।
मामला उनके संज्ञान में है। वे जल्द ही पूरी टीम के साथ पहुंचकर इस समस्या का समाधान करने का कार्य करेंगे।
- सुनील कुमार, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग।