भिवानी में जिला कारागार का निरीक्षण करतेसचिव पवन कुमार।
भिवानी। सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने शुक्रवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान सेशन जज देशराज चालिया ने जेल बैरक के अंदर शौचालय और स्नान घर की सफाई को बेहतर बनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए।
पुस्तकालय का निरीक्षण कर सेशन जज चालिया ने कहा कि बंदियों और कैदियों को सामान्य शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जाए। बंदियों और कैदियों के लिए तैयार हो रहे रात्रि भोज की गुणवत्ता को स्वयं खाकर जांच की। जिला व सेशन जज ने जेल में स्थापित कानूनी सहायता क्लीनिक का निरीक्षण कर कैदियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को अपने केस की पैरवी करने के लिए वकील की जरूरत है, तो वह मुफ्त कानूनी सेवाएं के लिए प्राधिकरण के अधीन वकील की सेवाएं ले सकता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों-हवालातियों को उनके केसों में आ रही मुश्किलों को सुना और समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। इस अवसर पर लीगल एंड डिफेंस काउंसिल के चीफ राधेश्याम, डिप्टी चीफ एडवोकेट नरेंद्र कांटीवाल, बबली पंवार, सहायक लीगल एंड डिफेंस काउंसिल एडवोकेट सत्यवीर, जेल अधीक्षक देवी दयाल, उपाधीक्षक राय साहब और नरेश बूरा आदि मौजूद रहे।