पहली सर्विस के लिए दी नई गाड़ी शोरूम से ही चोरी हो गई। शोरूम कर्मचारियों ने जब गाड़ी मालिक को चोरी की वारदात की सूचना दी तो बहस हुई। बाद में वाहन मालिक ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर चोरी की शिकायत की।
सिविल लाइन थाना पहुंचे राजेश ने बताया कि उसने मार्च महीने में ही रोहतक रोड स्थित एक शोरूम से कार खरीदी थी। 13 अप्रैल को उसने गाड़ी सर्विस करवाने के लिए दी। 23 को गाड़ी लेने गए तो कहा कि कुछ कमियां है। जिसके बाद उन्होंने कमियां पूरी करने के लिए गाड़ी वहीं छोड़ दी। शनिवार सायं वह गाड़ी लेने गए तो शोरूम पर मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि साढे़ चार बज गए है फटाफट पेमेंट कर दो नहीं तो सोमवार का गाड़ी मिलेगी। जिस पर उसने सात हजार रुपये पेमेंट भी कर दी।
वह गाड़ी लेने गैराज में गए तो वहां गाड़ी नहीं थी। कर्मचारियों ने कहा कि वाशिंग के लिए गई होगी। वहां देखा तो वहां भी गाड़ी नहीं मिली। गोदाम में भी चेक की मगर गाड़ी नहीं मिली। जब उन्होंने मैनेजर से गाड़ी नहीं मिलने की शिकायत की तो कुछ कर्मचारियों ने उसे ही गाड़ी को शोरूम की बजाए बाहर कहीं से चोरी दिखाने के लिए कहा। राजेश के साथी सुखबीर ने बताया कि शोरूम संचालक चाहते थे कि उनकी लापरवाही छुप जाए और इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम मिल जाए।
शोरूम कर्मचारियों से बहस के बाद रविवार सुबह राजेश व उसके साथी सिविल लाइन थाना पहुंचे और इसकी शिकायत की। मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि कार चोरी की शिकायत आई है। अभी जांच की जा रही है।