हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण निदेशालय की ओर से आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर बुधवार को संपन्न हुआ। समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कांबोज मुख्य अतिथि रहे। शिविर में देश के विभिन्न 17 राज्यों से आए 200 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
कुलपति ने स्वयंसेवकों से समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) में सेवा, समर्पण और सहयोग की अहम भूमिका है। एनएसएस का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र का विकास करना है। स्वयंसेवकों में सामाजिक सेवा, अनुशासन, सहयोग और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित होना आवश्यक है। देश तभी विकसित राष्ट्र बनेगा जब युवा जागरूक होंगे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वयंसेवकों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। मंच पर कुलसचिव डॉ. पवन कुमार और डॉ. दीपक कौशिक भी उपस्थित रहे। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एसके पाहुजा ने बताया कि शिविर में कर्नाटक, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, सिक्किम, गुजरात, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा से स्वयंसेवक शामिल हुए।
स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी पारंपरिक वेशभूषा और संस्कृति का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा, विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवकों को हिसार जिले के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी कराया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्डी डॉ. भगत सिंह ने सभी का धन्यवाद किया। छात्रा यशिका ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशक, अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।