हिसार। त्योहारी सीजन को देखते हुए वीरवार से राजगुरु मार्केट में चार पहिया वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। यह सिस्टम दिवाली तक लागू रहेगा। मार्केट में चार पहिया वाहनों की एंट्री रोकने के लिए 10 जगहों पर पुलिस नाके लगाए जाएंगे। उधर बुधवार को नगर निगम की टीम पुलिस के साथ मिलकर मार्केट में व्यवस्था बनाने में जुटी रही। इस दौरान निगम कर्मचारियों व रेहड़ी संचालक के बीच टकराव भी हुआ। वहीं निगम की नई पार्किंग खड़ी पड़ी रही और व्यापारियों ने यहां दुपहिया वाहन खड़े करने में रुचि नहीं दिखाई।
पुलिस प्रशासन की तरफ से राजगुरु मार्केट में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद करने की व्यवस्था मंगलवार से लागू कर गई थी। मगर व्यापारियों ने इसका विरोध कर दिया था। उनकी तरफ से इस व्यवस्था को 16 अक्तूबर से लागू करने को कहा था। इसके बाद पुलिस प्रशासन की तरफ से मार्केट में चार पहिया वाहनों की एंट्री फिर से चालू कर दी गई थी।
-
यहां-यहां लगेंगे पुलिस नाके
पुलिस प्रशासन की तरफ से नाके गुलाब सिंह चौक, गांधी चौक, तेलियान पुल चौक, मदन कुल्फी कट, पारिजात चौक, पड़ाव चौक, नागोरी गेट, राम चाट भंडार के सामने, सिटी थाना पार्किंग और श्रवण चप्पल स्टोर के सामने टी प्वाइंट पर लगाए जाएंगे।
इन जगहों पर रहेगी पार्किंग की व्यवस्था
मार्केट में खरीदारी करने आने वाले लोगों के साथ दुकानदारों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग के लिए ग्रोवर मार्केट, रेड स्क्वेयर मार्केट, ग्रीन स्कवेयर मार्केट और सिटी थाने के सामने के स्थान को चिह्नित किया गया है। साथ ही पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों को चेताया है कि अगर वह जिंदल चौक से जिला नागरिक अस्पताल तक दिल्ली रोड पर अपना वाहन खड़ा करते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
-
पुलिस कर्मचारियों को साथ लेकर व्यवस्था बनाने में जुटी रही निगम की टीम
नगर निगम की टीम सुरेंद्र वर्मा व सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस कर्मचारियों को साथ लेकर मार्केट में व्यवस्था बनाने में जुटी रही। इस दौरान टीम दुकान के बाहर रखे गए सामान को अंदर करवाती रही। टीम दुकानदारों को चेतावनी देती रही कि आज सिर्फ अपील कर रहे हैं, कल से दुकान के बाहर रखे सामान को जब्त करना शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि मार्केट में सड़कों पर की जा रही वाहनों की पार्किंग में अव्यवस्था का आलम रहा। इस दौरान सड़कों पर आड़े-तिरछे ढंग से वाहन खड़े दिखे जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी आई।
-
पंजाबी धर्मशाला के सामने बनी पार्किंग में लगीं फड़ें
पंजाबी धर्मशाला के सामने बनी पार्किंग में बुधवार को मंगलवार के मुकाबले ज्यादा फड़ें लगीं। हालांकि पार्किंग के काफी एरिया में अभी भी गाड़ियां खड़ी हैं जिन्हें हटाया नहीं गया है। ये गाड़ियां भी फड़ लगाने में अड़चन बन रही हैं। बेशक निगम की तरफ से इस पार्किंग में फड़ लगाने की व्यवस्था की हुई है। बावजूद इसके मार्केट में सड़क पर भी काफी संख्या में फड़ें लगी हुई हैं जिनके कारण भी अव्यवस्था बनी हुई है।
-
निगम कर्मचारी ने रेहड़ी हटाने को कहा तो रेहड़ी संचालक ने रेहड़ी पलटने की दी धमकी
निगम की टीम तेलियान पुल रेहड़ी मार्केट से अतिक्रमण हटवा रही थी। इसी दौरान तहबाजारी टीम ने एक रेहड़ी संचालक को सड़क से रेहड़ी हटाने को कहा तो रेहड़ी संचालक भड़क गया। उसने टीम पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया और अपनी रेहड़ी पलटने की धमकी दी। साथ ही टीम के साथ गाली गलौज भी किया। इस पर अन्य व्यापारियों ने आकर मामले को शांत करवाया।
-
लाखों रुपये खर्च कर तैयार की पार्किंग पर जरा सा भी फायदा नहीं
निगम ने राजगुरु मार्केट व न्यू राजगुरु मार्केट के बीच खाली पड़ी जगह लाखों रुपये खर्च कर पार्किंग का निर्माण करवाया। पार्किंग इस मकसद से बनवाई गई थी कि यहां व्यापारियों के दुपहिया वाहन खड़े करवाए जा सकेंगे। मगर व्यापारी यहां अपने वाहनों को खड़ा करने में जरा सी भी रुचि नहीं ले रहे हैं। उलटा इस पार्किंग पर कबाड़ियों ने कब्जा जमा लिया है।
वीरवार से राजगुरु मार्केट में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाएगी जो दिवाली तक जारी रही। मार्केट में त्योहारी सीजन में व्यवस्था बनाने के लिए यह सिस्टम लागू किया जा रहा है।
- इंस्पेक्टर राजकुमार, इंचार्ज, ट्रैफिक थाना।
सामान अपने ही शहर के दुकानदारों से खरीदें : बजरंग गर्ग
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की तरफ से प्रदेश में ऑनलाइन सामान की खरीद न करने के लिए अभियान चलाया हुआ है। इसी मुहिम के तहत व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने बुधवार को बाजार में जाकर सामान की खरीदारी की। बजरंग गर्ग ने प्रदेश की जनता से अपील की कि सामान अपने ही शहर के दुकानदारों से खरीदें। ऑनलाइन व्यापार से छोटे, मध्यम व रेहड़ी फड़ी वाले व्यापारी बर्बादी के कगार पर है। देश व प्रदेश में ऑनलाइन व्यापार लगातार बढ़ रहा है। ऑनलाइन व्यापार के कारण रेहड़ी फड़ी वाले, गली-मोहल्ला के बाजारों में छोटे व मध्यम दुकान दारों का व्यापार ठप हो रहा है जिस कारण उनका हर त्योहार फीका रह जाता है।