भिवानी। भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र द्वारा सत्र 2026-27 की रिक्त सीटों के लिए खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल्स का आयोजन किया जा रहा है। यह चयन प्रक्रिया 11 से 12 जून तक साई प्रशिक्षण केंद्र परिसर में आयोजित की जाएगी।
इन ट्रायल्स के माध्यम से मुक्केबाजी एवं कुश्ती खेलों में प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन आवासीय श्रेणी के अंतर्गत किया जाएगा। केंद्र के उप निदेशक दीपक पंत ने कहा कि इच्छुक खिलाड़ियों को 11 जून को सुबह साढ़े नौ बजे अपने मूल दस्तावेजों सहित रिपोर्ट करना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया शारीरिक दक्षता, खेल कौशल तथा पूर्व प्रदर्शन के आधार पर की जाएगी।
पंजीकरण प्रपत्र साई खेल प्रशिक्षण केंद्र के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे। चयनित आवासीय खिलाड़ियों को साई के नियमानुसार निशुल्क छात्रावास, पौष्टिक भोजन, विशेषज्ञ कोचिंग, खेल किट एवं चिकित्सा बीमा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
ट्रायल में भाग लेने के लिए जन्म प्रमाणपत्र, खेल उपलब्धि प्रमाणपत्र (जिला, राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर), निवास प्रमाणपत्र, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र तथा दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे।