भिवानी। क्षतिपूर्ति पोर्टल पर जमीन अपने नाम चढ़वाकर फसल का मुआवजा हड़पने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शुक्रवार को दूसरे आरोपी परवेज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी परवेज मेवात जिले के गांव फिरोजपुर झिरका का रहने वाला है। पुलिस ने शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गांव जमालपुर निवासी एक महिला ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी तथा परिवार के सदस्यों की जमालपुर और बलियाली गांव में जमीन है। 15 सितंबर को वह सीएससी पर क्षतिपूर्ति पोर्टल पर जमीन चढ़वाने गईं तो पता चला कि कुछ लोगों ने ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल के तहत उनका रिकॉर्ड अपने नाम चढ़वाकर अवैध रूप से फसल मुआवजा अपने खाते में डलवा लिया। जांच अधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि आरोपियों ने पोर्टल पर पीड़िता की जमीन का फर्जी पंजीकरण कर धोखाधड़ी की। इसी मामले में दूसरे आरोपी परवेज को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार परवेज ने धोखाधड़ी करके अपना नाम पोर्टल पर दर्ज करवाया था।