एसडीएम, आरटीए की रेकी कर ओवरलोडेड वाहन मालिकों को सूचना देते पकड़े गए गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने सिर्फ गाड़ी इंपाउंड कर छोड़ दिया है। पुलिस का कहना है कि एसडीएम की ओर से उन्हें कोई लिखित शिकायत नहीं मिली। नियमानुसार वाहन के कागजात की जांच की तो पूरे न होने पर उनकी गाड़ी इंपाउंड कर दी। वहीं इससे खफा एसडीएम का कहना है कि मैंने जान जोखिम में डालकर उन्हें पकड़ा, छोड़ने के लिए थोड़े पकड़ा था। इस बारे में एसएचओ से जवाब लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि तोशाम एसडीएम संदीप कुमार ने वीरवार को उनकी गाड़ी की रेकी कर रहे दो युवकों को पकड़कर बड़े गिरोह का खुलासा किया था। यह गिरोह प्रदेशभर में एसडीएम, आरटीए की रेकी कर ओवरलोडेड वाहन चलाने वालों को सूचनाएं देता था। इसके लिए मोबाइल में तीन ग्रुप ओवरलोड भाईचारा, सब भाई और दादरी पीके बनाये हुए थे। इन ग्रुपों में छह सौ से अधिक सदस्य बने हुए थे। ग्रुप खोलकर देखे गए तो भिवानी के अलावा रोहतक, दादरी, तोशाम, गुरुग्राम, करनाल, कैथल तक के अफसरों की लोकेशन साझा की हुई थी। इस तरह ओवरलोड का खेल चल रहा था और लाखों का चूना सरकार को लगाया जा रहा था। एसडीएम संदीप ने प्रेस कान्फ्रेंस कर इस पूरे खेल का खुलासा किया और पकड़े गए दोनों युवकों को तोशाम पुलिस के हवाले किया। युवकों के मोबाइल और गाड़ी भी पुलिस को सौंपी गई।
अब मामले में पुलिस ने एसडीएम की ओर से कोई लिखित शिकायत न होने के कारण दोनों आरोपियों को छोड़ दिया है। पुलिस ने युवकों की गाड़ी का 16 हजार का चालान किया है।
मैंने दो युवक पकड़कर पुलिस के हवाले किये थे। ये बड़ा नेटवर्क चला रहे थे। कई अधिकारियों की लोकेशन ग्रुपों में बताकर ओवरलोड वाहनों को चालान से बचा रहे थे। मैने सभी प्रूफ, मोबाइल, गाड़ी के साथ पुलिस को दोनों युवक सौंपे थे। अब पुलिस को कार्रवाई करनी थी। मैंने छोड़ने के लिए थोड़े पकड़ा था। मैं इस बारे में एसएचओ से जवाब लूंगा और कार्रवाई न की तो उन पर भी कार्रवाई होगी। इस गिरोह को किसी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा। इसकी तह तक जाया जाएगा और इस सारे खेल के मुखिया को भी पकड़ा जाएगा।
- संदीप कुमार, एसडीएम तोशाम
मेरे पास एसडीएम की ओर से मामले में कोई शिकायत नहीं आई है। नियमानुसार गाड़ी के कागजात की जांच की थी। कागजात नहीं होने पर इंपाउंड कर दिया है और 16 हजार का चालान किया गया है। शिकायत न आने पर दोनों युवकों को छोड़ दिया गया है।
- जय सिंह, एसएचओ, थाना तोशाम