निरीक्षण के दौरान किसानों से बातचीत करते एसडीएम संदीप कुमार।
- फोटो : 1
भिवानी। एसडीएम संदीप कुमार ने शनिवार को सागबन, बजीना और ढाणी माहू गांव में राजस्व विभाग के पटवारियों द्वारा किए जा रहे फसल सत्यापन का निरीक्षण किया। खरीफ-2026 में निर्धारित अवधि के बाद पोर्टल पर पंजीकृत फसलों का सत्यापन कराया जा रहा है।
डीसी साहिल गुप्ता के निर्देश पर उन किसानों को फसल पंजीकरण का एक और अवसर दिया गया था जो निर्धारित अवधि में मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण नहीं करा पाए थे। ऐसे किसानों ने 21 से 27 सितंबर तक पोर्टल पर फसल का पंजीकरण कराया था। अब संबंधित फसलों का सरकारी स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि निर्धारित अवधि में पंजीकरण नहीं करा पाने वाले किसानों ने उपमंडल अधिकारी (नागरिक) के समक्ष लिखित आवेदन दिए थे।
इनमें संबंधित भूमि का पूरा विवरण, खेवट व खसरा नंबर और बोई गई फसल की जानकारी दी गई थी। आवेदनों के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावों का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद पात्र किसानों की अनुमानित उत्पादन संबंधी जानकारी तैयार कर ई-खरीद पोर्टल के साथ साझा की जा रही है। इससे पात्र किसान अपनी उपज को खरीद प्रक्रिया में शामिल कर सकेंगे। साथ ही फसल बीमा कंपनी द्वारा भावांतर भरपाई योजना के बेहतर क्रियान्वयन में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी।