भिवानी की अनाज मंडी में बाजरा की सरकारी बोली पर ढेरी में नमी मांपते कर्मचारी व मौजूद आढ़ति एवं
- फोटो : 1
भिवानी। नई अनाज मंडी में शनिवार को हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन (एचडब्ल्यूसी) ने बाजरे की सरकारी खरीद शुरू कर दी। पहले दिन करीब 35 किसानों से 613 क्विंटल बाजरा एमएसपी पर खरीदा गया।
भिवानी प्रदेश की पहली मंडी बनी जहां शनिवार को सरकारी खरीद शुरू हुई। मंडी में आढ़तियों ने निजी बोली पर भी 2305 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बाजरा खरीदा। शनिवार को जिला मुख्यालय की मंडी में करीब आठ हजार क्विंटल बाजरे की आवक हुई।
सरकारी खरीद शुरू होने से किसानों को राहत मिली। किसान दिलबाग, कमल, विजय व समीर ने बताया कि निजी बोली में बाजरे के कम भाव लगाए जा रहे हैं।
किसानों ने बताया कि सरकारी खरीद में उन्हें 2900 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खाते में भुगतान मिलेगा। हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों ने एचडब्ल्यूसी अधिकारियों के साथ खरीद शुरू कराई। कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव संदीप लोहान ने मंडी में बिजली, पानी, तौल समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
दी ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश बंसल उर्फ भूरु ने सरकारी खरीद शुरू होने पर अधिकारियों का आभार जताया। नरेश बंसल ने बताया कि सरकारी खरीद शुरू होने के बाद बाजरे का निजी भाव ज्यादा नीचे नहीं जाएगा।
किसानों को निजी बोली पर 2300 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहे हैं तो उन्हें सरकार की ओर से 600 रुपये प्रति क्विंटल भावांतर भरपाई का लाभ भी मिल सकता है। मंडी में करीब एक लाख बाजरे के कट्टे पड़े हैं और ढेरियां लगी हैं। किसान लंबे समय से सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।