गांव धिकाड़ा स्थित राजकीय स्कूल को पीडब्ल्यूडी विभाग ने कंडम घोषित कर दिया है। विभाग ने भवन को कंडम घोषित करने से संबंधित पत्र सरपंच को सौंप दिया है। इस पत्र पर आगामी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत शिक्षा विभाग से भी तालमेल बैठा रही है। गांव घिकाड़ा स्थित राजकीय स्कूल वर्षों पुराना है। स्कूल का भवन काफी कंडम चला आ रहा है।
पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से विभाग के एसडीओ ने गांव में जाकर स्कूल भवन का जायजा लिया था। रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंपी गई थी। विभाग के कार्यकारी अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि एसडीओ की रिपोर्ट के आधार पर स्कूल भवन को कंडम घोषित कर दिया गया है। अब शिक्षा विभाग ही इस बारे में कोई अगला कदम उठाएगा। कंडम घोषित करने से संबंधित पत्र की प्रति गांव घिकाड़ा के सरपंच को सौंप दी है। गांव घिकाड़ा के सरपंच सोमेश का कहना है कि अब जल्द ही नए स्कूल भवन के निर्माण को लेकर सरकार व शिक्षा विभाग अधिकारियों से बात कर इस काम को सिरे चढ़ाया जाएगा।