भिवानी। हरियाणा स्कूली शिक्षा विभाग से फर्जी दस्तावेज के आधार पर मान्यता लेकर स्कूल संचालन के मामले में पुलिस ने नंदगांव के पीजी हाई स्कूल की सोसायटी के अध्यक्ष सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक इस स्कूल की मान्यता फरवरी 2025 में रद्द कर चुके हैं। इसके बावजूद गांव में स्थित एक निजी भवन में स्कूल संचालित किया जा रहा था। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. निर्मल ने बताया कि 5 अक्तूबर को खंड शिक्षा अधिकारी युद्धवीर ने औचक निरीक्षण में पाया कि मान्यता रद्द किए जाने के बावजूद पीजी हाई स्कूल को गांव के ही एक निजी भवन में संचालित किया जा रहा है।
इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बुधवार को विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गुणपाल सहित कमेटी के अन्य सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली।
भूमि गिरदावरी रिपोर्ट से खुला फर्जीवाड़े का खेल : शिकायत के बाद हलका पटवारी ने गिरदावरी रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड में जिस स्थान पर स्कूल दर्शाया गया है, वहां कृषि भूमि है और हर सीजन में फसल की बिजाई की जा रही है।
इस भूमि पर कभी कोई स्कूल भवन बना ही नहीं। सदर थाने के जांच अधिकारी महाबीर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद