भिवानी। 12 से 28 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत स्थल मनाली में एडवेंचर शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन तीन चरणों किया जाएगा। शिविर में सरकारी विद्यालयों के 100 से अधिक छात्रों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
दरअसल, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद एवं विद्यालय शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के मेधावी विद्यार्थियों के लिए शीतकालीन साहसिक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राज्य के मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के चयनित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को एडवेंचर कैंप में जाने का अवसर मिलेगा।
इसमें मॉडल संस्कृति, सार्थक, आरोही मॉडल स्कूलों के छात्र शामिल होंगे। हालांकि पीएमश्री और केजीबीवी स्कूलों के छात्र इस आयोजन का हिस्सा नहीं होंगे। शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला स्तर पर कमल शर्मा और तरुण कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिविर में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को ट्रैकिंग, जिप लाइन, रॉक क्लाइम्बिंग, वैली क्रॉसिंग, रिवर क्रॉसिंग, रैपलिंग, राइफल शूटिंग, पिस्टल शूटिंग, तीरंदाजी जैसी साहसिक गतिविधियों से परिचित कराया जाएगा। इसके साथ ही वे हिमालय की संस्कृति और पर्यावरण अध्ययन, जीवन रक्षा कौशल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी भाग लेंगे।
शिविर में प्रत्येक जिले से छठी से आठवीं कक्षा की 25 लड़कियां और 25 लड़के, नौवीं से बारहवीं कक्षा की 25 लड़कियां और 25 लड़के भाग लेंगे। इसके अलावा 4 महिला और 4 पुरुष शिक्षकों को अनुरक्षक के रूप में शामिल किया जाएगा। शिविर में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए आवेदन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। इसमें प्रत्येक अभ्यर्थी को अपने पासपोर्ट साइज फोटो और उपलब्धियों के प्रमाण पत्र डीएमसी और अन्य प्रमाण पत्रों को निर्धारित साइज में पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
विद्यार्थियों एवं अध्यापकों का चयन मेरिट के आधार पर विभाग द्वारा किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से की जाएगी। ताकि इस शिविर का अधिकतम लाभ लिया जा सके। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए 9991231852 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती हैं।
12 से 28 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत स्थल मनाली में एडवेंचर शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में सरकारी विद्यालयों के 100 से अधिक छात्रों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
- नरेश महता, जिला शिक्षा अधिकारी।
शिविर में छठी से आठवीं कक्षा की 25 लड़कियां और 25 लड़के, नौवीं से बारहवीं कक्षा की 25 लड़कियां और 25 लड़के भाग लेंगे। शिविर में जाने वाले विद्यार्थियों एवं अध्यापकों का चयन मेरिट के आधार पर विभाग की ओर से किया जाएगा।
- संतोष नागर, जिला परियोजना संयोजक।