तोशाम। बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने मंगलवार को तोशाम उपमंडल में निजी स्कूलों और प्राइवेट बसों की जांच की। एसडीएम संदीप कुमार के नेतृत्व में शिक्षा विभाग, आरटीए, रोडवेज और पुलिस की संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर नियमों की अनदेखी करने वाली बसों के चालान किए।
निरीक्षण के दौरान पीएस नवयुग, योगेश बाल विद्या मंदिर सहित अन्य स्कूलों की बसों की जांच की गई। अधिकारियों ने फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्रों की स्थिति देखी। इसके अलावा चालकों के लाइसेंस, परिचालकों की वर्दी और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई।
जांच में कई बसों में ओवरलोडिंग, बिना परमिट संचालन, अधूरे दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की कमी मिली। इस पर नियमानुसार मौके पर ही चालान किए गए। एसडीएम ने स्कूल संचालकों और बस मालिकों को एक सप्ताह के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज पूरे कराने और बसों में प्रशिक्षित चालक नियुक्त करने के निर्देश दिए।
एसडीएम संदीप कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन और बस मालिकों की है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालान के साथ बस बंद करने की कार्रवाई भी की जाएगी। ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।