राजकीय कन्या स्कूल का मुख्य द्वार।
भिवानी। मुख्यमंत्री हरियाणा शिक्षा राहत सहायता एवं अनुदान (चिराग) योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दाखिले का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत मान्यता प्राप्त निजी स्कूल छात्रों के दाखिले के लिए अपनी सहमति 7 मार्च तक दे सकेंगे।
इसके बाद निजी स्कूलों की कक्षा वार घोषित सीटों का विवरण विभाग की तरफ से विभागीय वेबसाइट या पोर्टल पर दर्शाया जाएगा। संबंधित स्कूल 15 मार्च से अपने नोटिस बोर्ड पर यह जानकारी प्रदर्शित करेंगे। इसके बाद छात्र 15 से 31 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। जिन स्कूलों में सीट से ज्यादा आवेदन होंगे, वहां दाखिले के लिए लॉटरी के माध्यम से एक से पांच अप्रैल की अवधि में ड्रॉ निकाले जाएंगे।
अभिभावकों को ड्रॉ निकालने की तिथि व समय के बारे में सूचित कर उनकी उपस्थिति में ही ड्रॉ निकाला जाएगा। मान्यता प्राप्त निजी स्कूल प्राप्त आवेदनों पर एक से 15 अप्रैल तक दाखिले की प्रक्रिया संपन्न करेंगे। सफल छात्रों की सूची स्कूल के नोटिस बोर्ड पर दर्शाई जाएगी।
मुख्य सूची में सफल छात्रों के निर्धारित तिथि तक दाखिला न लेने पर उनकी रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची के छात्रों के दाखिले 16 से 30 अप्रैल तक किए जाएंगे।
सालाना एक लाख 80 हजार रुपये तक या इससे कम आय वाले छात्र होंगे पात्र
योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर जिन छात्रों के अभिभावकों की आय सालाना एक लाख 80 हजार रुपये या इससे कम होगी, उन्हीं छात्रों को निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों में दाखिले के लिए पात्र माना जाएगा। छात्र दाखिले के लिए केवल उसके वर्तमान खंड जिसमें वह पढ़ रहे हैं, उसी खंड के मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में उपलब्ध सीटों पर दाखिले के पात्र होंगे। खंड में एक से अधिक स्कूलों में भी दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिस मान्यता प्राप्त निजी स्कूल को अभिभावक या छात्र की तरफ से आवेदन पत्र दिया जाएगा। वह स्कूल उन्हें उसकी रसीद देगा।