मैं एसबीआई का बैंक मैनेजर दयाशंकर बोल रहा हूं, आपका इंडिया में पहला इनाम सफारी गाड़ी निकला है, अगर आप गाड़ी नहीं लेना चाहते तो आपको 12 लाख 72 हजार रुपये नकद मिल जाएंगे। ईनाम राशि पाने के लिए 68 सौ रुपये जमा कराने होंगे। इस तरह इनाम का लालच देकर युवक से कई बार खाते में पैसे डलवाकर करीब पांच लाख 16 हजार की चपत लगा डाली। जब युवक को इस मामले में शक हुआ तो इसकी शिकायत उसने पुलिस दी। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया।
तोशाम क्षेत्र के गांव मढ़ान निवासी रमेश कुमार ने बताया कि उसके फोन पर चार अक्तूबर को एक मैसेज आया था। इसके बाद एक फोन भी उसके पास आया जिस पर बोलने वाले ने खुद को एसबीआई मैनेजर दयाशंकर बताया था। उसने इनाम में सफारी गाड़ी निकलने की बात कही और गाड़ी नहीं लेने पर 12 लाख 70 हजार नकद इनाम देने का झांसा दिया। इसके बाद उससे 68 हजार एक खाते में जमा कराए गए। इसी तरह उससे कई बार पैसे जमा कराने के लिए बोला। इस तरह से वह पांच लाख 16 हजार रुपये की नकदी बताए गए खातों में जमा करा चुका था। मगर इसके बाद भी उससे 70 हजार रुपये और जमा कराने के लिए बोला गया तो उसे शक हुआ। आरोपी ने 70 हजार जमा कराने के 15 मिनट बाद ही 18 लाख 12 हजार देने की बात कही थी। मगर उसे झांसे का अहसास हुआ तो उसने मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी। जिसके बाद तोशाम पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया।