भिवानी। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि कुरुक्षेत्र के पास पिपली में संत गुरु रविदास की स्मृति में पांच एकड़ में स्मारक बनाया जाएगा, सरकार ने इसे बजट का हिस्सा बनाया है और इससे कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के तहत सरकार ने एक और वादा पूरा किया है। साथ ही 200 एससी-बीसी की चौपालों के सुधार के लिए भी बजट में प्रावधान किया है।
शनिवार को डिप्टी सीएम ने बवानीखेड़ा में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 647वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। गुरु रविदास को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास ने अंधविश्वास व आडंबर के खिलाफ आमजन को जागरूक करने का कार्य किया, हम सबको उनके दिखाए हुए रास्ते पर चलना चाहिए।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन बैसाखियों के सहारे चलने को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी-जेजेपी सरकार के जनहितैषी कार्यों का विरोधी पार्टियों में भय है। चौटाला ने प्रदेश सरकार के बजट की सराहना करते हुए कहा कि जैव प्रौद्योगिकी, ड्रोन तकनीक, एविएशन कॉलेज बनाने, नहरों के निर्माण व 9 हजार किलोमीटर की सड़कों को दुरुस्त करने का प्रावधान कर राज्य सरकार ने प्रदेश के लोगों के लिए विकास के रास्ते खोले हैं।
एक सवाल के जवाब में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में 14 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है, जबकि पंजाब सरकार सिर्फ दो फसलों पर एमएसपी दे रही है, हालांकि हरियाणा प्रदेश का क्षेत्रफल भी पंजाब से छोटा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पंजाब सरकार भी हरियाणा की तर्ज पर 14 फसलों पर एमएसपी देगी तो किसान की हालत सुधरेगी।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी बूथ योद्धा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जननायक जनता पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है और सभी दस सीटों पर कार्यकर्ता चुनाव तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर बूथ योद्धा सम्मेलन किए जा रहे हैं और बूथ योद्धाओं को चुनाव जीतने के लिए घर-घर जाकर प्रचार कर पार्टी की मजबूती के लिए विशेष मूल मंत्र दिए जा रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इसी कड़ी में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के करीब 950 बूथों के कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बूथ योद्धा सम्मेलन हलका व ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे। दुष्यंत चौटाला ने इलेक्शन मैनेजमेंट को लेकर बूथ योद्धाओं से सुझाव भी मांगे। इस अवसर पर जेजेपी युवा प्रदेश प्रभारी सुनील राणा रोड, युवा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सांगवान, जिला अध्यक्ष जोगेंद्र बागनवाला, प्रदेश संगठन सचिव विजय गोठड़ा, युवा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राठी समेत अन्य लोग मौजूद थे।