सरकारी कर्मचारी ड्यूटी के प्रति कितने गंभीर है, इसका नजारा सोमवार सुबह आरटीए कार्यालय में देखने को मिला। सीएम फ्लाइंग ने सुबह कार्यालय में छापा मारा तो कार्यालय समय तक कोई कर्मचारी नहीं था। साढ़े नौ बजे तक महज पांच कर्मचारी ही पहुंचे। 10 बजे के बाद तीन कर्मचारी पहुंचे। वहीं आधे कर्मचारी गैर हाजिर रहे। इनकी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी गई है। सीएम फ्लाइंग टीम ने विभिन्न सड़क मार्गों पर प्राइवेट बसों के भी कागजात की जांच की।
सीआईडी हरियाणा के प्रभारी आईजी अनिल राव के निर्देश के बाद सीएम फ्लाइंग की टीम ने सीआईडी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार यादव के नेतृत्व में आरटीए कार्यालय में छापा मारा। टीम सुबह 08:55 पर कार्यालय पहुंची। उस समय तक कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा था। टीम सदस्यों ने यहां रुककर कर्मचारियों का इंतजार शुरू किया। कार्यालय का समय नौ बजे का है जबकि कर्मचारियों का आना नौ बजे के बाद ही शुरू हुआ। एक-एक कर कर्मचारी आते रहे और सीएम फ्लाइंग टीम के सदस्य उनका रिकार्ड अपडेट करते रहे। 10 बजे बाद तक भी कर्मचारियों का आना जारी रहा। कर्मचारी धुंध गहरी होने का बहाना बनाते रहे।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते द्वारा न केवल कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों बल्कि कार्यालय से जुड़े अन्य दस्तावेजों की रिपोर्ट भी उच्च अधिकारियों को भेजी गई है, ताकि सरकारी कार्यालयों में आम जनता को होने वाली परेशानियों को काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करके दूर किया जा सकें।
सात प्राइवेट बसों के कागजात जांचे : सीएम फ्लाइंग टीम ने हांसी रोड पर तिगड़ाना मोड़ के पास, महम रोड पर गुजरानी मोड़ के पास प्राइवेट बसों की जांच का भी अभियान चलाया। टीम ने यहां करीब सात बसों के कागजात की जांच की। सभी बसें परमिट के साथ चलती मिली।
किस समय पहुंचा कौन सा कर्मचारी
कर्मचारी नाम पहुंचने का समय
ओमप्रकाश, चपरासी 09:05
प्रिंस, कंप्यूटर ऑपरेटर 09:15
रोशन लाल, टीआई 09:15
ईश्वर सिंह, टीएसआई 09:30
संजय कुमार, टीआई 09:30
सतीश कुमार, चालक 09:58
सज्जन कुमार, टीएसआई 10:02
संजीत कुमार 10:05
जितेंद्र कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर 10:05
टैक्स भरने सुबह आया, लेट हो जाए तो नहीं सुनता कोई : आरटीओ कार्यालय भिवानी में टैक्स भरने पहुंचे सुखबीर ने बताया कि वे सुबह जल्दी ही आरटीओ कार्यालय पहुंच गया था, परंतु वहां कोई कर्मचारी नहीं मिला। ऐसे में उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। कर्मचारी लेट आए तो कुछ नहीं और वे लेट हो जाए तो कोई नहीं सुनता।
कई बार विवादों में घिरा आरटीए कार्यालय
वाहन पासिंग से लेकर ओवरलोडिंग तक के मामले को लेकर आरटीए अधिकारियों पर सवाल उठे। वाहन पासिंग में दलाल सक्रिय होने के चलते सवाल उठते रहे तो ओवरलोडिंग आज भी बड़ी समस्या है। एक आरटीआई में भी पिछले दिनों खुलासा हुआ था कि बिना इंश्योरेंस के स्कूली वाहनों की पासिंग कर दी गई। इसके अलावा भी कॉमर्शियल वाहनों की पासिंग को लेकर भी आरोप लगे है।
आज की कार्रवाई में चौकीदार व सफाई कर्मचारी के अलावा अन्य कर्मचारी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे। साढ़े नौ बजे तक महज पांच कर्मचारी ही पहुंचे थे। 10 बजे के बाद भी कर्मचारी आए हैं। 18 में से नौ ही कर्मचारी आए। अब इसकी सारी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। जिसके आधार पर अनुपस्थित कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर दिनेश यादव, मुख्यमंत्री फ्लाइंग टीम
आज धुंध के कारण कर्मचारी लेट हैं। अब सीएम फ्लाइंग की जो रिपोर्ट रहेगी, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कुछ कर्मचारी अनुपस्थित थे और कुछ लेट। पब्लिक डिलिंग का कार्य साढ़े नौ बजे से एक बजे तक रहता है।
- संजय कुमार, परिवहन निरीक्षक