देर सायं दो चचेरे भाइयों से लिफ्ट मांगकर तीन युवकों ने पहले उनसे मारपीट की और फिर गोली चलाई। गनीमत रही कि गोली सीधे किसी को नहीं लगी। एक युवक को गोली के छर्रे लगे। हमलावर युवक गाड़ी लूटकर फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए हिसार के एक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने सूचना मिलते ही नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया मगर आरोपी हाथ नहीं आए।
घटना देर सायं करीब साढे़ छह बजे की है। दांग गांव वासी पवन कुमार व उसके ताऊ का लड़का अमित अपनी फोर्ड फिगो कार से तोशाम से अपने गांव लौट रहे थे। सुरेंद्र सिंह चौक पर खड़े तीन युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी और भिवानी जाने की बात कही। कार सवार दोनों भाइयों ने बताया कि वे तो दांग जा रहे है। जिसके बाद तीनों युवकों ने कहा कि दांग तक छोड़ दो, आगे किसी और वाहन से लिफ्ट ले लेंगे। तीनों कार में बैठने के बाद करीब तीन किलोमीटर ही चले थे कि लिफ्ट मांगने वाले एक युवक ने पिस्तौल निकालकर कार चला रहे पवन की कनपटी पर लगाई और गाड़ी रूकवाई। गाड़ी रूकने के बाद पवन व अमित ने बचने का प्रयास किया।
इसी प्रयास में पांचों में हाथापाई हुई। पिस्तौल वाले युवक ने फायरिंग की। गोली के छर्रे पवन के पेट में लगे। हमलावर तीनों बदमाश गाड़ी लेकर फरार हो गए। अमित अपने भाई को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल पवन केा उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही तोशाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्र में नाकेबंदी कर हमलावर लुटेरों की तलाश की। अनेक वाहनों की जांच की मगर आरोपी हाथ नहीं आए। मामले की जांच में जुटे एसएचओ देशराज दहिया ने बताया कि पवन को गोली के छर्रे लगे है। हमलावराें की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।