भिवानी। चंडीगढ़ जाने वाले बस यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब रोडवेज डिपो भिवानी द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी से चंडीगढ़ के लिए स्पेशल बस सेवा आरंभ की गई है। इससे चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। नई बस सेवा का संचालन सुबह चार बजे से किया जा रहा है।
भिवानी डिपो द्वारा प्रतिदिन जिले से चंडीगढ़ के लिए नौ बसों का संचालन किया जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी से एक अनुकूलित बस का संचालन सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर होता था। अब यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज ने 152डी हाईवे से साधारण बस सेवा बढ़ा दी है। यह बस प्रतिदिन भिवानी डिपो से सुबह चार बजे रवाना होगी और चंडीगढ़ बस स्टैंड पर सुबह नौ बजे पहुंचेगी। वहीं वापसी में बस सुबह 10:20 बजे रवाना होगी। स्पेशल बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को आने-जाने में और सुविधा मिलेगी।
दिनभर में डिपो से होता है दस बसों का संचालन
रोडवेज डिपो द्वारा प्रदेश की राजधानी में जाने के लिए जिले के यात्रियों के लिए स्पेशल सुविधा दी गई है। प्रतिदिन भिवानी डिपो से सुबह 4:30, 5:30, 6:05, 7:20, 9:20, 11:20, 1:50, 2:20 व शाम पांच बजे चंडीगढ़ के लिए बसें चलती हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी से दो बसें और सब डिपो लोहारू व तोशाम से भी चंडीगढ़ के लिए बसें चलाई जाती हैं। इससे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलती है।
रोडवेज द्वारा भिवानी डिपो से यात्रियों को पूर्ण रूप से सुविधा दी जा रही है। अब प्रदेश की राजधानी में आने-जाने के लिए 152डी हाईवे से नई बस का संचालन किया गया है। यह बस सुबह चार बजे भिवानी डिपो से चलती है। यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज निरंतर प्रयासरत है। - दीपक कुंडू, जीएम, भिवानी डिपो
भिवानी डिपो द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी से नई बस सेवा शुरू की गई है। इससे जिले सहित आसपास के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। भिवानी डिपो द्वारा चंडीगढ़ के लिए प्रतिदिन दस बसों का संचालन किया जाता है। यात्रियों को चंडीगढ़ के लिए स्पेशल सुविधा देने का फैसला स्वागत योग्य है। -अनिल फौजी, डिपो प्रधान, भिवानी डिपो