लोहारू। रोडवेज बस स्टैंड पर लावारिस हालत में मिले एक मोबाइल को रोडवेज कर्मचारियों ने उसके मालिक तक पहुंचाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। यह मोबाइल राजस्थान के पिलोद निवासी बजरंग लाल का था, जो लोहारू से देवराला की यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान बजरंग लाल का मोबाइल बस स्टैंड परिसर में गिर गया जिसका उन्हें तब पता चला जब वे देवराला पहुंच चुके थे। दूसरी ओर यह मोबाइल रोडवेज कर्मचारी रमेश लांबा को मिला जिन्होंने इसे बस स्टैंड कार्यालय में जमा करवा दिया।
वापसी में जब बजरंग लाल लोहारू बस स्टैंड पहुंचे और अपने मोबाइल के बारे में जानकारी ली तो ड्यूटी पर तैनात डीआई संजय कुमार ने जांच के बाद मोबाइल उन्हें लौटा दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर बजरंग लाल ने संतोष और खुशी जाहिर करते हुए रोडवेज कर्मचारियों का आभार प्रकट किया और उनकी ईमानदारी की सराहना की।