रक्षाबंधन पर्व पर इस बार भले ही मुफ्त सफर नहीं था, लेकिन फिर भी सोमवार को अधिकांश महिलाओं ने बच्चों संग रोडवेज बसों की सवारी की। भिवानी डिपो की 115 बसों से बहनें भाईयों तक पहुंची। रोडवेज प्रशासन ने रक्षाबंधन पर पूरे अमले को ही चलाने की तैयारी की थी। इसी के तहत सभी रोडवेज कर्मचारियों को भी रेस्ट से ड्यूटी पर बुला लिया था। सोमवार को सबसे अधिक हिसार, रोहतक, लोहारू, दादरी रूट पर रोडवेज बसें चलीं।
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने कोविड-19 को देखते हुए इस बार रोडवेज बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर को बंद कर दिया था। लेकिन इसके बावजूद भी महिलाओं और बच्चों ने रोडवेज बसों का सफर किया। भिवानी बस स्टैंड पर यात्रियों की ज्यादा भीड़ नहीं जुटने दी गई। जैसे ही एक बस में करीब 30 से 35 सवारियां हुई, उस रूट की बस को तुरंत रवाना किया गया। बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारी खुद महिलाओं को बसों के अंदर बैठाते हुए नजर आए। रोडवेज कर्मचारी महिलाओं को संबंधित बसों के अंदर उनके सामान के साथ बैठाने में जुटे रहे।
शहर के चौक चौराहों से भी रोडवेज बसों ने उठाई सवारी
बस स्टैंड से निर्धारित यात्री लेकर एक बस रवाना होने के बाद दूसरी बस को रोडवेज विभाग ने चौक चौराहों से लोकल रूटों की सवारियों के लिए भेजा। जिसका फायदा यह हुआ कि सामुदायिक दूरी के साथ साथ लोगों को भी रोडवेज बसों का ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। शहर के अग्रसेन चौक, हांसी रोड के बासिया भवन, सेक्टर 13 मोड के अलावा लोहारू रोड अनाज मंडी के सामने से भी रोडवेज बसों ने शहर से सवारियां उठाई और गंतव्य तक पहुंचाई। दरअसल कोविड की वजह से अवैध सवारी वाहनों पर भी पूरी तरह से लगाम लगाई गई है।
35 अतिरिक्त बसों ने संभाली व्यवस्था, पहले चल रही थी 80 रोडवेज बसें
रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज विभाग ने 115 रोडवेज बसों का संचालन भिवानी से किया। इसमें 35 अतिरिक्त बसें चली। जबकि सामान्य तौर पर इन दिनों केवल 80 रोडवेज बसें ही चलाई जा रही थी। दूसरे राज्यों की बस सेवाओं पर फिलहाल रोडवेज ने प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसी वजह से दूसरे राज्यों व दिल्ली का सफर करने वाली महिलाओं को काफी मुश्किलें हुई।
वर्जन-
सोमवार को रक्षाबंधन पर बहनों ने रोडवेज बसों में सफर किया। बसों में सामुदायिक दूरी रखने के पूरे इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त बसों का संचालन हुआ, जिससे किसी भी महिला या फिर अन्य यात्री को कोई परेशानी नहीं हुई।
- भरत सिंह परमार, जिला यातायात प्रबंधक रोडवेज विभाग।