दिल्ली बूथ पर खड़ी किलोमीटर स्कीम के तहत चलाई गई बस। फाइल फोटो
- फोटो : Bhiwani
किलोमीटर स्कीम के तहत रविवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुई बस ने पहले ही दिन लाइन चेंज का चालान कटवा डाला। इस बस को भिवानी बस स्टैंड से दिल्ली के लिए कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल व विधायक घनश्याम सर्राफ ने रवाना किया था। ये बस भिवानी बस स्टैंड से सवारियां लेकर दिल्ली के लिए गई थी। किलोमीटर स्कीम के तहत भिवानी से चली बस जैसे ही मुंडका पहुंची तो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने में फंस गई। इस बस का लेन चेंज करने पर चालान काटा गया।
भिवानी डिपो में किलोमीटर स्कीम के तहत दो बसें शामिल की गई हैं। रविवार को इन दोनों ही बसों को रूटों का निर्धारण हुआ। एक बस हिसार के लिए सवारियां लेकर चली तो दूसरी बस दिल्ली के लिए निकली थी। रोडवेज भिवानी डिपो के अधिकारियों ने बताया कि किलोमीटर स्कीम के तहत लगाई गई बसों में चालक तो प्राइवेट होता है, जबकि कंडेक्टर सरकारी है। दिल्ली में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। अक्सर हरियाणा की तरफ से जाने वाली बसें दिल्ली में ट्रैफिक नियमों को तोड़ने में फंस जाती है। अब रोडवेज विभाग ने भी नियम तोड़ने वाली बसों के चालान की राशि खुद चालक को ही भुगतने के निर्देश दिए हैं। जबकि किलोमीटर स्कीम के तहत लगी बसों में तो पहले से ही चालक प्राइवेट भर्ती किए गए हैं। अगर ये नियम तोड़ते हैं तो इनके जुर्माने का बोझ भी इन्हीं की जेब पर पड़ेगा। हालांकि इस लापरवाही में एक बात अहम है कि किलोमीटर स्कीम के तहत लगी बसों में सैकड़ों यात्री सफर करते हैं, जिनके सुरक्षित सफर का दायित्व भी बस चालक पर ही होता है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही यात्रियों पर भी भारी पड़ सकती है।