तोशाम बाईपास पर असंतुलित होकर एक बाइक अचानक पेड़ से जा टकराई। हादसा मंगलवार दोपहर तीन बजे का है। बाइक पर तीन बच्चों सहित पांच सवार थे। इस सड़क हादसे में आठ साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके पिता, मामा और दो बहनों को गंभीर चोटें आईं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
दोनों बहनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं पिता और मामा का भिवानी के नागरिक अस्पताल में ही उपचार चल रहा है। बुधवार सुबह बच्चे के शव का सदर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव मिरान निवासी सोनू अपने साले विकास और तीन बच्चों, आठ साल का लड़का वीर, दो बेटियों मानवी व काफी को बाइक पर लेकर मंगलवार शाम तीन बजे भिवानी से मिरान जा रहा था। जब वह तोशाम बाईपास पर पहुंचा तो अचानक ही उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस सड़क हादसे में वीर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सोनू, विकास और मानवी व काफी को गंभीर चोटें आईं। जिन्हें नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां मानवी और काफी को गंभीर चोटों की वजह से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया वहीं सोनू और विकास का भिवानी में ही उपचार चल रहा है।
सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई धर्म सिंह ने बताया कि विकास के बयान दर्ज कर आठ साल के बच्चे के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। वहीं मृतक वीर अपनी दो बहनों मानवी और काफी का इकलौता भाई और घर का चिराग था। इस हादसे के बाद परिवार में भी कोहराम मचा है।