रेलवे की ओर से भिवानी-रेवाड़ी रेल मार्ग पर झाड़ली में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के कारण दो दिन का ब्लॉक लिया है। मंगलवार को रेवाड़ी की तरफ से ट्रेनों का संचालन ठप रहा। वहीं बुधवार को भी भिवानी, हिसार और बठिंडा तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेनें बंद रहेंगी। भिवानी से रेवाड़ी की तरफ रोजाना ही करीब दो हजार मुसाफिर सफर करते हैं।
झाड़ली में रेलवे ब्लॉक के चलते भिवानी से रेवाड़ी के बीच मंगलवार को कोई भी पैसेंजर ट्रेन नहीं चली। दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ के अध्यक्ष महावीर प्रसाद डालमिया ने बताया कि झाड़ली में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की वजह से दो दिन का ब्लॉक लिया हुआ है। इस दौरान रेल यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। बुधवार को भी रेवाड़ी की तरफ पैसेंजर ट्रेन नहीं चलेंगी।
डालमिया ने बताया कि रेवाड़ी-भिवानी रेल मार्ग पर श्रीगंगानगर, रेवाड़ी से बठिंडा, भिवानी से रेवाड़ी, भिवानी से जयपुर, भिवानी से मथुरा के लिए पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। भिवानी-रेवाड़ी रेल मार्ग पर ब्लॉक की वजह से रेलवे के अधिकारी मंगलवार को दिनभर कार्य की प्रगति की रिपोर्ट लेने में ही व्यस्त रहे। वहीं भिवानी रेलवे जंक्शन पर भी रेवाड़ी के लिए ट्रेनें नहीं चलने की वजह से सैकड़ों मुसाफिर वापस लौट गए। रेलवे के सहायक अभियंता सुरजीत सिंह ने बताया कि झाड़ली में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के टॉप सेक्शन कार्य की वजह से दो दिन का ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान रेल यात्रियों को बुधवार तक रेवाड़ी की तरफ जाने वाली पैसेंजर ट्रेनें नहीं चलने से असुविधा होगी।