भिवानी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) पवन कुमार की अध्यक्षता में विधवा सेल की ऑनलाइन मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और विधवा महिलाओं को मिलने वाली सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
सीजेएम पवन कुमार ने बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विधवा महिलाओं को मूलभूत सुविधाएं और उनके अधिकार समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही पेंशन, ऋण और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र महिलाओं को मिले, यह सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
जिला समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि यदि पेंशन फार्म में कोई त्रुटि हो तो संबंधित महिलाओं को फोन के माध्यम से सूचित कर कमियों को दूर करवाया जाए, ताकि उनका लाभ रुक न सके। वहीं वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों को कहा गया कि वे महिलाओं व उनके बच्चों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की पूरी जानकारी दें।
महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को सीजेएम ने सुझाव दिया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से विधवा महिलाओं में जागरूकता फैलाने का अभियान चलाया जाए क्योंकि जागरूकता ही समस्याओं के स्थायी समाधान की कुंजी है। साथ ही वन स्टॉप सेंटर में एक विशेष हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए जहां विधवा महिलाओं की शिकायतें दर्ज कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अलावा बैंकों को भी निर्देशित किया गया कि वे विधवा महिलाओं को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करें। इस अवसर पर पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एसडीएम कार्यालय, लीगल काउंटर, वन स्टॉप सेंटर, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।