भिवानी। शहर के फैंसी चौक पर लंबे समय से ठप पड़े सीवर मैनहोल को ठीक करने का काम आखिरकार शुरू कर दिया गया है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने मरम्मत कार्य के लिए सड़क के बीचोंबीच गड्ढा खोद दिया है, जिससे महम गेट से फैंसी चौक तक का मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। दो दिन तक आमजन को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
दरअसल शहर के व्यस्त फैंसी चौक से महम गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर पिछले एक साल से सीवर मैनहोल जाम था। इससे लगातार दूषित पानी जमा रहता था और स्थानीय दुकानदारों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। विभाग ने पहले अस्थायी पंप लगाकर सीवर निकासी की व्यवस्था की, लेकिन इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों की शिकायत पर जनस्वास्थ्य विभाग ने अब इस मैनहोल को बंद करके दोनों सीवर लाइनों को आपस में जोड़ने का निर्णय लिया है। इसके लिए सड़क के बीच गहरा गड्ढा खोदा गया है, जिससे मार्ग अस्थायी रूप से बंद हो गया है। विभाग का दावा है कि दो दिन में काम पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद यहां सुचारू निकासी शुरू हो जाएगी और मार्ग को खोल दिया जाएगा।
अस्थायी पंप चलाने के लिए लाखों का डीजल हो चुका है खर्च
सीवर जाम होने के बाद विभाग ने अस्थायी पंप की मदद से एक मैनहोल से दूसरे मैनहोल तक दूषित पानी ट्रैक्टर के माध्यम से निकालना शुरू किया था। इस प्रक्रिया में एक साल में लाखों रुपये का डीजल खर्च हो चुका है। सीवरेज समस्या से न केवल नागरिक परेशान हुए, बल्कि विभाग का बजट भी प्रभावित हुआ।
दूषित पानी की निकासी के कारण बनी रहती थी जाम की स्थिति
महम गेट से फैंसी चौक तक की सड़क पहले ही संकरी है और दुकानदारों के अतिक्रमण ने हालात और बिगाड़ दिए। इसके अलावा पास में नेत्र अस्पताल होने के कारण मरीजों और परिजनों की आवाजाही भी अधिक रहती है। अस्थायी पंपों और सीवर जाम के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब स्थायी समाधान के बाद जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वाहन चालकों को दो दिन लगाना पड़ेगा दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर
फैंसी चौक से जालान नेत्र अस्पताल जाने वाले मरीजों को अब रोहतक गेट होते हुए महम गेट के रास्ते अस्पताल पहुंचना होगा। इसी तरह बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा। फिलहाल सिर्फ पैदल राहगीरों को ही आने-जाने की अनुमति है।
फैंसी चौक पर ठप सीवर मैनहोल को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। काम पूरा करने में एक से दो दिन का समय लग सकता है। सीवर ठीक हाेने पर किसी तरह की कोई समस्या नहीं रहेगी। - सूर्य प्रकाश, एसडीओ, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।