गांव निमड़ीवाली में कुछ ग्रामीणों द्वारा धर्म परिवर्तन की आशंका के चलते वीरवार को पंचायत हुई। पंचायत ने धर्म परिवर्तन की आशंका के चलते ग्रामीणों की राय जानी और इस मसले पर ग्रामीणों ने अपने विचार रखे। गांव में करीब डेढ़ घंटे तक पंचायत चली। दो दिन पहले भी इसी मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई थी। वीरवार को हुई पंचायत में ग्रामीणों ने धर्म परिवर्तन की आशंकाओं को लेकर गांव में हवन कराने का सुझाव रखा। जिस पर सभी ने सहमति जता दी।
गांव निमड़ीवाली में दो दिन पहले ग्रामीणों को एक धर्म से जुड़ी प्रचार सामग्री बरामद हुई थी। इसके बाद सूचना आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। जिसके बाद किसी भी तरह का आपसी भाईचारा न बिगड़े और किसी तरह का कोई तनाव न बने इसी मसले को लेकर गांव में पंचायत हुई। पंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि 15 परिवारों के पास एक धर्म से जुड़ी प्रचार सामग्री मिली है। वे लोग इस धर्म से जुड़ने की बातें भी कह रहे हैं। पंचायत के दौरान ग्रामीणों के बीच उस धर्म प्रचार सामग्री को भी रखा गया। ग्रामीणों का दावा है कि पंचायत के बाद वह धर्म प्रचार सामग्री सदर थाना पुलिस को सौंप दी गई, जबकि पुलिस ने इस बात से साफ इन्कार कर दिया है।
गांव में आपसी भाईचारा मजबूत करने के लिए हवन कराया। जिसमें ग्रामीणों ने आहुति डाली और आपसी गांव में सभी वर्गों के बीच आपसी सौहार्द बनाए रखने की बातें कही गई।
गांव निमड़ीवाली गोशाला संचालक मास्टर शेर सिंह आर्य ने बताया कि गांव में वीरवार को हवन कराया गया है। धर्म परिवर्तन करने वाले परिवारों का हिंदु वैदिक विधि विधान से शुद्धिकरण किया गया है। गांव में माहौल पूरी तरह से सौहार्दपूर्ण बना हुआ है।