बहल कस्बे में बारिश से सरपंच साधूराम पनिहार के आवास के सामने भरा पानी।
बहल। मंगलवार रात बहल क्षेत्र में मानसून की पहली जोरदार बारिश हुई। जहां इस बारिश ने लंबे समय से गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को राहत दी वहीं कस्बे की बदहाल जल निकासी व्यवस्था ने नागरिकों को भारी मुसीबत में डाल दिया। पानी की निकासी नहीं होने के कारण बारिश का पानी कई घरों में घुस गया और लोग घरों में कैद होकर रह गए।
बारिश रात करीब दो बजे शुरू हुई और सुबह सात बजे तक रुक-रुक कर होती रही। पहली ही तेज बारिश ने प्रशासन और पंचायत के दावों की पोल खोल दी। कस्बे की कई गलियों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया। श्याम भवन मार्ग, चौधरी चौक मार्ग और मानव कल्याण अस्पताल के सामने जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। चौधरी चौक मार्ग और श्याम भवन से सरपंच साधूराम पनिहार के आवास के आगे तक पानी भर गया, जो सुबह 9 बजे तक भी नहीं निकल पाया।
खंड विकास कार्यालय के आगे तो पानी की झील सी बन गई, जिससे तहसील परिसर आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सात घंटे से अधिक समय तक गलियों में जलभराव बना रहा जिससे आमजन अपने ही घरों में बंद हो गया।
बारिश से जहां फसलों को संजीवनी मिली और मौसम सुहावना हुआ, वहीं सोशल मीडिया पर लोगों ने पंचायत और प्रशासन को आड़े हाथों लिया। लोगों ने आरोप लगाए कि अगर समय रहते जल निकासी का उचित प्रबंध किया गया होता तो आज बहल की यह स्थिति न होती। जलभराव की इस त्रासदी ने स्थानीय निकायों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।