भिवानी। सीबीएसई और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब कॉलेजों में दाखिले के लिए विद्यार्थियों की भागदौड़ शुरू हो गई है। ऑनलाइन आवेदन के पहले दिन सोमवार को दोपहर तक पोर्टल बंद रहा।
दोपहर बाद पोर्टल शुरू होने पर विद्यार्थियों ने कॉलेजों के विभिन्न संकायों में दाखिले के लिए आवेदन किए। विभाग ने साइट पर आवेदन आने की संख्या अपडेट नहीं की है। हालांकि उच्चतर शिक्षा विभाग ने सोमवार सुबह 11 बजे से रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल शुरू करने के अधिसूचना जारी की गई थी, लेकिन सुबह के समय पोर्टल नहीं चल पाया।
ऐसे में विद्यार्थी सुबह के समय कंप्यूटर सेंटर संचालकों से साइट चलने की जानकारी लेते रहे। हालांकि दोपहर बाद पोर्टल शुरू हुआ तो विद्यार्थियों के दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन को लेकर आवेदन शुरू किए। बता दें कि इस वर्ष हरियाणा विद्यालय बोर्ड से और सीबीएसई बोर्ड से जिलेभर के 12 हजार से अधिक विद्यार्थी पास हुए हैं। शहर के 4 महाविद्यालयों में अलग-अलग संकायों की लगभग 5700 सीटें हैं। ऐसे में महाविद्यालयों में दाखिलों के लिए विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं दाखिलों को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जारी किए गए पत्र में लिखा है कि दाखिले से पहले सभी कॉलेज के प्राचार्य को अपने-अपने कॉलेजों का ब्योरा अपडेट करना होगा। सभी कॉलेजों के प्राचार्य पत्र मिलने के बाद कॉलेज की डिटेल पोर्टल पर अपलोड कर रहे है।
शहर के महाराज नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय व राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में दाखिले को लेकर सबसे ज्यादा मारामारी रहेगी। विद्यार्थी दाखिले के लिए फीस ऑनलाइन माध्यम से भर सकते हैं। दाखिला प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। इसमें पहली मेरिट लिस्ट लगेगी।
इसके बाद खाली सीट रहने पर दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। फिर भी अगर कॉलेजों मेंं सीट खाली रहती हैं तो फिजिकल काउंसलिंग के तहत दाखिले होंगे। हालांकि उच्चतर शिक्षा विभाग ने काउंसलिंग का शेड्यूल जारी नहीं किया है। कॉलेजों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी लगाए गए हैं।
महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय
कोर्स सीटें
बीए : 800
बीएससी मेडिकल 160
बीएससी नॉन मेडिकल 400
बीकॉम 360
बीएससी आनर्स फिजिक्स 40
बीएससी आनर्स गणित 40
सायंकालीन सत्र में :::
बीए 160
बीकॉम 80
राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय
कोर्स सीटें
बीए 640
बीएससी फिजिकल साइंस 320
बीएससी मेडिकल 80
बीकॉम एडिड 160
बीकॉम सेल्फ फाइनेंस 240
बीबीए 180
बीसीए 180
सांयकालीन सत्र में
बीए 80
वैश्य महाविद्यालय
कोर्स सीटें
बीए 640
बीकॉम 180
बीसीए 120
एमकॉम 40
पीजीडीसीए 20
बीएससी फिजिकल साइंस 210
एमएससी कंप्यूटर साइंस 50
आदर्श महिला महाविद्यालय
कोर्स सीटें
बीए 560
बीएससी लाइफ साइंस 120
बीसीए 80
बीएससी फिजिकल साइंस 200
बीकॉम 200
महाविद्यालयों में दाखिलों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने सोमवार से पोर्टल चालू कर दिया है। विद्यार्थी मनपसंद कॉलेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से काउंसिलिंग के लिए शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। वहीं साइट पर अभी दाखिलों की संख्या भी जारी नही की गई है। - जगबीर मान, प्रैस प्रवक्ता, एमएनएस महाविद्यालय, भिवानी।