भिवानी। मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसानों का रुझान अभी बहुत कम है। अब तक पोर्टल पर एक चौथाई भूमि का ही पंजीकरण हुआ है। इसकी वजह एमएसपी से कहीं अधिक मार्केट में फसलों की कीमत को मानें या फिर भूमि पंजीकरण में कोई तकनीकी पेचीदगी। फिलहाल किसानों के लिए सरकार ने 31 जनवरी तक पोर्टल को खोला है।
अब तक पोर्टल पर पंजीकृत हुई भूमि सबसे अधिक सिरसा के किसानों की है, जबकि सबसे कम पंचकूला के किसानों ने फसल का पंजीकरण कराया है। फरवरी और मार्च में पंजीकृत किसानों की ही फसलों की एमएसपी पर सरकार खरीद करेगी। खरीद के दौरान भी पोर्टल किसानों के लिए खोला जाएगा। हालांकि प्रदेश के बड़े हिस्से में किसानों की फसलों का अभी तक मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण नहीं है।
प्रदेश में सात लाख 63 हजार 733 किसानों का पोर्टल पर पंजीकरण हुआ है, जिनकी 4576972 एकड़ का क्षेत्र शामिल है। इनमें से 1199193 किसानों का ही सत्यापन हुआ है, जिसमें सिरसा अग्रणी है और पंचकूला पिछड़ गया है। किसानों की रबी सीजन की गेहूं और सरसों की फसल की एमएसपी पर सरकार खरीद करती है। पिछली दफा सरसों का मार्केट भाव इतना ज्यादा था कि सरकार को खरीद का मौका ही नहीं मिला। वहीं, गेहूं मार्केट में भी फिलहाल 2900 रुपये प्रति क्विंटल का भाव पहुंच गया है। जबकि पिछले सीजन के मुकाबले गेहूं पर 150 रुपये एमएसपी प्रति क्विंटल सरकार ने बढ़ाया है। गेहूं का समर्थन मूल्य 2024-25 में 2275 रुपये प्रति क्विंटल रहेगा। जबकि 2023-24 में 2125 रुपये प्रति क्विंटल था। बिजाई के दौरान भी मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल खोला गया था, लेकिन अब 31 जनवरी तक फिर से इसे पंजीकरण के लिए खोला गया है। संवाद
ये मिलेगा फायदा
पंजीकृत किसानों का एमएसपी पर फसल बेचने का मौका मिलेगा। अगर उनकी फसल एमएसपी पर नहीं खरीद होती है तो उन्हें भावांतर योजना का लाभ मिलेगा। अगर कोई प्राकृतिक आपदा आती है तो भी उन्हें सरकार की गिरदावरी के अनुसार लाभ दिया जाएगा। पंजीकृत फसल को ही अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसान 31 जनवरी तक अपनी फसल का पंजीकरण करा सकते हैं। भिवानी जिले में 75 हजार से अधिक किसानों का पंजीकरण होना है। इसमें से किसान अभी पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा रहे हैं। जिन किसानों की फसल पंजीकृत होगी, उनकी फसल की खरीद एमएसपी पर होगी।
-डॉ विनोद फौगाट उप कृषि निदेशक भिवानी।
जिला- जिले के कुल किसान कुल कृषि क्षेत्र पंजीकृत कृषि क्षेत्र
अंबाला- 30993 162173 53986
भिवानी- 75200 426140 85521
फरीदाबाद- 4243 36169 19325
फतेहाबाद- 41136 294493 78735
गुरुग्राम- 15714 70518 18096
हिसार- 56760 382519 94927
झज्जर- 28391 163907 41333
जींद- 30620 220324 56738
कैथल- 36349 281398 79293
करनाल- 45922 344826 105064
कुरुक्षेत्र- 38999 232008 62553
महेंद्रगढ- 64658 234306 54040
पंचकूला- 4666 22655 6768
पानीपत- 16953 132289 45654
रेवाड़ी- 43343 165866 33807
रोहतक- 17977 123165 34992
सिरसा- 81111 606788 125137
सोनीपत- 22701 145259 45663
यमुनानगर- 37564 169439 50519
मेवात- 12415 72518 30297
पलवल- 21421 119472 43015
चरखी दादरी- 36597 170731 33719
कुल- 763733 4576972 1199193