बवानीखेड़ा। कस्बे में छह सितंबर को होने वाली विकास संकल्प रैली का स्थल बदल दिया गया है अब रैली नई अनाज मंडी में आयोजित होगी। रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। बुधवार को डीसी साहिल गुप्ता ने अनाज मंडी का दौरा कर रैली की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बदलते मौसम को देखते हुए डीसी ने विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के साथ रैली स्थल की समीक्षा की और नई अनाज मंडी को आयोजन के लिए उपयुक्त माना। डीसी गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ अनाज मंडी और बस स्टैंड के सामने खाली मैदान का निरीक्षण किया। दोनों स्थानों का जायजा लेने के बाद उन्होंने नगर पालिका के नवनिर्मित कार्यालय में विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के साथ रैली की तैयारियों को लेकर विस्तार से समीक्षा की।
परिवर्तनशील मौसम को देखते हुए नई अनाज मंडी को रैली के लिए सबसे उपयुक्त माना गया। नई अनाज मंडी में रैली स्थल के पास ही हेलीपैड के लिए स्थान उपलब्ध है। डीसी ने बताया कि मंडी में रैली होने से आसपास के क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग आसानी से हो सकेगी जिससे कस्बे में जाम की स्थिति नहीं बनेगी।
डीसी ने अधिकारियों को रैली स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, वाहन पार्किंग और आमजन की सुविधाओं से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैली में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने मार्केट कमेटी निरीक्षक संजय समोता को मंडी की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी दलीप सिंह, एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, सीआईडी इंचार्ज सुनील कुमार और नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री मौजूद रहे।