भिवानी। हुडा प्रशासन का भी जवाब नहीं है। बिल न भरने की वजह से सेक्टर 13 के कम्यूनिटी सेंटर का ढाई साल से कनेक्शन कटा है तो अरसे से बंद पड़े रेन वाटर डिस्पोजल का हर माह हजारों रुपये भुगतान किया जा रहा है।
बरसाती पानी की निकासी के लिए सेक्टर 13 में बनाए गए दो रेन वाटर डिस्पोजल तीन साल से बंद हैं। यहां अभी तक कोई मोटर भी नहीं है। इसके बावजूद बिजली कनेक्शन होने के चलते हर महीने हजारों का बिल भरना पड़ रहा है।
विभाग की इस लापरवाही की वजह से सेक्टर वासियों को बरसाती पानी के जलभराव से मुक्ति नहीं मिल पा रही है और, कम्यूनिटी सेंटर की सुविधा होते हुए भी महरूम है।
पिछले दिनों उपायुक्त ने निरीक्षण कर हुडा अधिकारियों को इन खामियों को दूर करने के निर्देश दिए मगर अभी तक भी सेक्टर वासियों को इन सुविधाओं के शुरू होने का इंतजार है। सेक्टर 13 में तीन साल पहले बरसाती पानी निकासी और बरसाती पानी को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाने के लिए दो डिस्पोजल बनाए गए थे।
डिस्पोजल का बिजली कनेक्शन हुआ, तीन-तीन पानी स्टोरेज टैंक भी बनाए और कनेक्शन भी किए। मगर आज तक भी पानी की मोटरें नहीं लगी। इसका खामियाजा सेक्टर वासियों को भुगतना पड़ रहा है। टैंकों में जमा बरसाती पानी से दुर्गंध आ रही है वहीं बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
बरसाती पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसाती पानी सड़क और खाली प्लॉटों में जमा हो रहा है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण सारी सड़क टूट रही है। फिलहाल भी सेक्टर की अधिकतर सड़के खस्ताहाल है।
--
कम्यूनिटी सेंटर का दो साल से कटा है बिजली कनेक्शन
सेक्टर का कम्यूनिटी सेंटर। बना था सेक्टर वासियों के प्रयोग के लिए। अब सेक्टर वासी चाहकर भी इसका प्रयोग नहीं कर पा रहे है। इसका कारण है बिजली कनेक्शन न होना। दरअसल करीब दो साल पहले अत्यधिक बिल आने और बिल नहीं भरने के कारण कम्यूनिटी सेंटर का बिजली कनेक्शन काट दिया था। इसके बाद बिजली निगम ने बिल में काफी रियायत कर चार लाख रुपये बिल भरने के लिए कहा। चार लाख का बिल भरने में भी हुडा अधिकारियों को दो साल लग गए। अब तक भी कम्यूनिटी सेंटर का बिजली कनेक्शन नहीं हो पाया है और लोग परेशान है।
--
वर्जन::::
सेक्टर की समस्याओं के लिए हुडा प्रशासक से मिले थे। उन्होंने जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था। सेक्टर के डिस्पोजल पर करोड़ों खर्च कर दिये। हर महीने हजारों का बिजली बिल भरा जा रहा है। इनका प्रयोग हो भी नहीं रहा। न्यूनतम बिल भी बहुत अधिक है। एक दफा एक डिस्पोजल पर मोटरें लगाई थी, वहां कोई तारे ही चोरी कर ले गया। आम पब्लिक के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। बंद डिस्पोजल का बिजली बिल भरने के लिए हुडा के पास रुपये है और कम्यूनिटी सेंटर के कटे बिजली कनेक्शन के लिए नहीं।
- मनोहर लाल सरदाना, अध्यक्ष
दा भिवानी अर्बन इस्टेट वेल्फेयर एसोसिएशन
--
वर्जन::::
सेक्टर में लोग इस लिए रहते है कि सभी सुविधाएं मिलेंगी मगर यहां तो परेशानियां ही परेशानियां है। सीवर व्यवस्था ठप है। घरों का गंदा पानी प्लॉटों में जमा हो रहा है। बरसाती दिनों में तो यहां हाल बेहाल हो जाता है। प्लॉटों में जमा होने वाले गंदे पानी में मच्छर पनपते है और बीमारियां होती है। हुडा प्रशासक, स्थानीय अधिकारियों सभी को शिकायत दी है।
चिरंजीलाल, जनरल सेक्रेटरी
--
वर्जन:::
ठेकदार बीच में छोड़कर चला गया। इस कारण डिस्पोजल का काम लटका है। अब नए सिरे से इसके टेंडर किए जाएंगे। न्यूनतम बिल भरा जा रहा है। पुराने ठेकेदार पर जुर्माना किया जाएगा। कम्यूनिटी सेंटर के कटे बिजली कनेक्शन को जुड़वाने के लिए बिल का भुगतान कर दिया है और उम्मीद है कि जल्द ही नया बिजली मीटर लगे।
नरेश शर्मा, एसडीई, हुडा