लोहारू क्षेत्र में बारिश का दृश्य।
- फोटो : 1
भिवानी/लोहारू। मौसम ने सोमवार को अचानक करवट बदली और लोहारू में दो एमएम बारिश दर्ज की गई। भिवानी सहित अन्य क्षेत्रों में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने से उमस का माहौल बना रहा। लोहारू में बारिश से खरीफ फसलों को फायदा मिला जबकि अन्य क्षेत्रों में उमस के कारण लोग दिनभर परेशान रहे।
लोहारू क्षेत्र के किसान शमशेर सिंह और दयाकिशन ने बताया कि खेतों में खड़ी फसलों के लिए बारिश की नमी काफी लाभदायक साबित होगी। इससे खेतों की मिट्टी में नमी बढ़ेगी और फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है। विशेषकर बाजरा, ग्वार और कपास समेत अन्य खरीफ फसलों के लिए बारिश राहत देने वाली मानी जा रही है।
इस समय फसलों को पर्याप्त नमी की आवश्यकता है। बारिश होने से किसानों को कुछ समय के लिए सिंचाई पर होने वाले खर्च से भी राहत मिल सकती है। क्षेत्र में पिछले दिनों से तेज गर्मी का असर बना हुआ था। दिन के समय तेज धूप और उमस के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शहर में दिनभर तेज धूप से बढ़ी तपिश
शहर में सोमवार को दिनभर तेज धूप और चिपचिपी उमस से आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह से ही आसमान में तीखी धूप खिली रही। हवा में बढ़ी नमी के कारण लोगों का पसीने से बुरा हाल रहा। दोपहर के समय तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि लोहारू में हुई बारिश का असर भिवानी में दिखाई नहीं दिया।