भिवानी। तोशाम बाईपास स्थित चारा मंडी गेट नंबर एक के सामने शनिवार दोपहर ढाई बजे हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड, कृषि विभाग, वेयर हाउस कारपोरेशन और आयकर विभाग की संयुक्त टीम ने एक गोदाम में छापा मारा। इस दौरान गोदाम के अंदर 1930 कट्टों में काली मिट्टी के दाने मिले, जो देखने पर सरसों के दाने लग रहे थे। इन्हें थोड़ा सा मसलने के बाद अधिकारियों के भी हाथ काले हो गए।
गोदाम के अंदर बरामद कट्टों से जांच के लिए सैंपल लिए गए, जिन्हें हरियाणा वेयर हाउस कारपोरेशन मुख्यालय भेजा जाएगा। वहीं, गोदाम को भी अधिकारियों ने सील कर दिया। इसके बाद गोदाम मालिक को नोटिस थमाया गया। शनिवार करीब ढाई बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट सिंचाई विभाग के एसडीओ संदीप मलिक की अगुवाई में हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के जेडएमईओ श्यामसुंदर गोयल, वेयर हाउस कारपोरेशन के जिला प्रबंधक दिलबाग, मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव अनिल कुमार, कृषि विभाग के एसडीओ संजय कुमार, एईटीओ आशुकेश की संयुक्त टीम तोशाम बाईपास स्थित चारा मंडी गेट नंबर एक के सामने बने गोदाम पर छापा मारने पहुंची। करीब डेढ़ घंटे तक अधिकारियों ने गोदाम को खंगाला। इस दौरान अंदर रखे कट्टों पर काले रंग के सरसों नुमा दाना रखा हुआ था।
प्रत्येक कट्टे का वजन कराने पर 50 किलो वजन मिला। इसके बाद कई कट्टों को खोलकर देखा, जिसके अंदर सरसों नुमा काले दाने मिले, जिन्हें हल्का सा मसलने पर अधिकारियों की अंगुलियों के अंदर भी कालिख लग गई। इनके कई सैंपल जांच के लिए सील किए और उन्हें वेयर हाउस मुख्यालय भेजा गया। वहीं, गोदाम को भी सील कर दिया। मौके पर पहुंचे गोदाम के मालिक ने बताया कि उसने ये गोदाम किराये पर दिया हुआ है। इसका माल रखा है, उसे भी विभागीय अधिकारियों ने नोटिस थमा दिया।
सरसों के अंदर मिलावट की आशंका
छापा मारने वाले अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गोदाम के अंदर रखे 1930 कट्टों के अंदर काली मिट्टी के सरसों नुमा दाने बने थे। जिन्हें राजस्थान से यहां मिलावट के लिए लाया गया था। इन दिनों मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद चल रही है। इसमें इसकी मिलावट की आशंका भी बनी थी। राजस्थान से लाई गई काली मिट्टी की सरसों में मिलावट के बाद गोदामों में जांच करने वाले अधिकारी भी इस मिलावट को नहीं पकड़ पाते। समय रहते छापा मारकर यह खेप सील कर दी गई है।
मैंने बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट गोदाम में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ पहुंचकर जांच की है। जांच के दौरान संबंधित विभागों की ओर से इसके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। सैंपल रिपोर्ट के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जानी है।
संदीप मलिक, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एसडीओ, सिंचाई विभाग।
विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचना मिली थी, जिसके बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ गोदाम में छापा मारकर उसे सील किया गया है। गोदाम के अंदर काली राख या मिट्टी के सरसों के दाने नुमा 1930 कट्टे मिले हैं, जिन्हें गोदाम के अंदर ही सील कर दिया गया है। वेयर हाउस कारपोरेशन के पास जांच के सैंपल भेजे हैं और संबंधित गोदाम मालिक को भी नोटिस दिया गया है।
-अनिल कुमार, कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड भिवानी।