हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) में बॉयोमीट्रिक के बाद परिणाम में 1284 अभ्यर्थियों के अंतर का मामला बोर्ड अधिकारियों की गलफांस बन गया है। हालांकि बोर्ड के चेयरमैन ने अभ्यर्थियों को बेनिफिट आफ डाउट देने का तर्क दिया है पर सवाल उठता है कि इतने अभ्यर्थियों को कैसे दिया जा सकता है। इससे पहले आयोजित एचटेट में इस तरह का लाभ इतने विद्यार्थियों को कभी नहीं मिला।
धांधली की आशंका, उच्चस्तरीय जांच हो: दिग्विजय
जजपा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने एचटेट में धांधली का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि बोर्ड अध्यक्ष और सचिव ने रातोरात रिजल्ट बदल दिया। आरोप लगाया कि जिन 1,284 उम्मीदवारों के नाम बाद में जुड़े हैं, वे बोर्ड के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के रिश्तेदार हो सकते हैं।
भ्रष्टाचार में अपने ही रिकार्ड तोड़ रही सरकार : दीपेंद्र हुड्डा
रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने परीक्षा परिणाम में आए 1,284 अभ्यर्थियों के अंतर पर कहा कि यह बड़ी अनियमितता की ओर इशारा करता है। सरकार को अभ्यर्थियों और जनता को संतोषजनक जवाब देना चाहिए।