भिवानी। गांव ढाणी चांग में एक कुएं के अंदर पैर फिसलकर गिरने से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 टीम के अलावा दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने कुएं के अंदर गिरे कर्मचारी को बाहर निकाला और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सदर पुलिस ने शव का रविवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
सदर पुलिस को दिए बयान में ढाणी चांग निवासी साहिल ने बताया कि उसके पिता 50 वर्षीय शिवकुमार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में कर्मचारी थे। रविवार को वह घर के समीप ही कुएं के पास घास फूस की सफाई कर रहे थे कि इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वो कुएं के अंदर जा गिरा। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो दमकल विभाग और डायल 112 पर मदद मांगी। दोनों ही टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मचारियों की मदद से कर्मचारी को कुएं से बाहर निकाला और मौके पर पहुंची एंबुलेंस के जरिये तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। गुजरानी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे साहिल के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।