पिछले तीन दिनों से रामनगर कॉलोनी, लेबर कॉलोनी व चिरंजीव कॉलोनी के करीब 800 घरों के अंदर पानी की आपूर्ति नहीं हुई। इसी से गुस्साएं तीनों कॉलोनियों के लोगों ने लेबर कॉलोनी स्थित बूस्टिंग स्टेशन पर ताला जड़ दिया। जबकि पिछले एक महीने से पांच हजार लोगों को दूषित पेयजल आपूर्ति दी जा रही है। दूषित पेयजल आपूर्ति की वजह जलघर से बूस्टिंग स्टेशन तक आने वाली मुख्य लाइन में ही छह जगह लीकेज को माना जा रहा है। वहीं मौके पर पहुंचे कार्यकारी अभियंता ने जब इस संबंध में जेई को फोन मिलाया तो अधिकारी का ही फोन जेई ने नहीं उठाया। इस पर कार्यकारी अभियंता ने जेई की गैर हाजिरी लगाकर उसके सस्पेंशन संबंधी रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को भेजी वहीं बूस्टिंग स्टेशन पर ताला जड़ रोष प्रदर्शन करने वालों को लिखित में दो दिन के अंदर लीकेज का समाधान करा आपूर्ति बहाली का आश्वासन दिया।
वार्ड 31 के पार्षद बलवान सिंह के नेतृत्व में स्थानीय वासी शंभुनाथ, मदनपाल, रमेश, रविंद्र, विरेंद्र, विद्या, कमलेश, कविता, गुरुवचन, सुरेंद्र रोहिल्ला, सन्नी, राजेंद्र पांडे, गुड्डू, अनिल, रामबली ने बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे लेबर कॉलोनी के बूस्टिंग स्टेशन के गेट पर ताला जड़ दिया। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत की, लेकिन दूषित पेयजल आपूर्ति का कोई समाधान नहीं हुआ। पार्षद ने बताया कि मुख्य जलघर से बूस्टिंग स्टेशन तक आने वाली मुख्य लाइन में ही छह जगह लीकेज हैं, इस वजह से एक माह से दूषित पेयजल आपूर्ति हो रही है और तीन दिन से तो कॉलोनी के 800 घरों के अंदर पानी की बूंद भी नहीं पहुंची है। कॉलोनी के लोगों ने चंडीगढ़ विभाग की वेबसाइट पर भी शिकायत कर दी, लेकिन कोई सुध नही ली गई।
एक्सईएन का भी नहीं उठाया जेई ने फोन, कार्रवाई के लिए भेजी रिपोर्ट : पार्षद ने जब एक्सईएन रुपेश चंद के समक्ष जेई द्वारा शिकायतों के बावजूद फोन न उठाने की बात कही तो एक्सईएन ने खुद मौके पर जेई राजेंद्र को फोन मिलाया, मगर एक्सईएन का फोन भी जेई ने नहीं उठाया। इस पर एक्सईएन ने जेई की बुधवार को गैर हाजिरी लगाई और फिर उसके सस्पेंशन संबंधी रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को भेज दी। इसी दौरान पेयजल आपूर्ति के एक्सईएन रुपेश चंद ने आक्रोशित लोगों को लिखित में दो दिन का समाधान कराने का आश्वासन भी मौके पर ही दिया। इसके बाद करीब 10 बजे कॉलोनी के लोगों ने बूस्टिंग स्टेशन का ताला खोला।
निर्धारित अवधि में नहीं हुआ समाधान तो उपायुक्त कार्यालय के समक्ष देंगे धरना : वार्ड पार्षद बलवान सिंह सहित रामनगर, चिरंजीव व लेबर कॉलोनी के लोगों ने चेतावनी दी कि एक्सईएन के लिखित में आश्वासन के बाद भी अगर समाधान नहीं किया गया तो वे उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना देंगे।