भिवानी। सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व की मांग के लिए पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। जिला प्रधान अजय दहिया के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
अजय दहिया ने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण में उप-कोटा निर्धारित कर ओबीसी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जाति आधारित जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम बनाया जाए। ईवीएम के स्थान पर मतपत्र से चुनाव कराए जाएं और एसआईआर प्रक्रिया रद्द कर हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़े जाएं।
ज्ञापन में ओबीसी, एससी और एसटी के रिक्त एवं बैकलॉग पद भरने, ओबीसी को पदोन्नति में आरक्षण देने, समान और निशुल्क शिक्षा लागू करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा निजीकरण के तहत बेची गई सरकारी संपत्तियों की समीक्षा और वंचित वर्गों को जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की मांग की गई।
दहिया ने कहा कि महिला आरक्षण में उप-कोटा तय किए बिना सभी वर्गों की महिलाओं को न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व नहीं मिल सकेगा। संविधान के समानता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को धरातल पर लागू करना जरूरी है। इस अवसर पर गणेशीलाल वर्मा, प्रेम सिंह, रामचरण, सुरेश शेर सिंह, कुलदीप कुमार, वेदपाल और बिशनपाल मौजूद रहे।