भिवानी। शहर के रोहतक गेट चौक के समीप बने पंचवटी गेस्ट हाउस में वीरवार देर शाम औद्योगिक पुलिस थाना की टीम ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने गेस्ट हाउस से तीन युवतियां और अनैतिक धंधे में शामिल गेस्ट हाउस संचालक महेश बंसल को रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस ने सभी के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। बता दें कि अमर उजाला ने शहर के कई इलाकों में चल रहे देह व्यापार का मुद्दा अपने 19 फरवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
औद्योगिक पुलिस थाना एसएचओ पवन शर्मा की टीम ने वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे रोहतक गेट स्थित पंचवटी गेस्ट हाउस में एचसी प्रदीप को फर्जी ग्राहक बनाकर भेजा। एचसी प्रदीप को एक हजार रुपये दिए गए। फर्जी ग्राहक ने गेस्ट हाउस में पहुंचकर वहां बैठे संचालक से बातचीत की और फिर युवती के लिए सौदा तय हो गया। जब युवती को गेस्ट हाउस संचालक ने कमरे के अंदर भेजा तो फर्जी ग्राहक ने टीम को इशारा कर दिया। जिसके बाद औद्योगिक पुलिस थाना एसएचओ पवन शर्मा की टीम गेस्ट हाउस पहुंच गई। टीम ने संचालक महेश बंसल से रुपये बरामद किए जाने के बाद गेस्ट हाउस के अंदर कमरों से तीन युवतियों को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि दो युवतियां फरीदाबाद से यहां लाई र्गइं थीं, जो मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं। वहीं एक युवती दिल्ली से यहां लाई गई थी। तीनों ही युवतियों की उम्र 20 से 22 साल के बीच है।
वर्जन-
सूचना के बाद थाने ने फर्जी ग्राहक बनाकर गेस्ट हाउस में भेजा और फिर रंगे हाथों गेस्ट हाउस संचालक सहित तीन युवतियों को गिरफ्तार किया। गेस्ट हाउस संचालक व तीनों युवतियों के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों को शुक्रवार सुबह न्यायालय में पेश किया जाएगा। गेस्ट हाउस में देह व्यापार के लिए एक हजार से 1500 रुपये वसूले जा रहे थे। रात बिताने के लिए भी अलग-अलग रेट तय थे। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है।
- पवन शर्मा, एसएचओ, औद्योगिक पुलिस थाना