जूनियर नेशनल पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी को सम्मानित करता स्कूल स्टाफ।
भिवानी। प्रियांशु वशिष्ठ ने कश्मीर के श्रीनगर में स्थित शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 12वीं जूनियर नेशनल पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में 79 से 83 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता 16 से 18 नवंबर तक हुई।
स्पर्धा में लगभग 4000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें से हलवासिया विद्यालय के छात्र प्रियांशु वशिष्ठ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। विद्यालय पहुंचने पर प्रियांशु का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया।
विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत, प्राचार्य विमलेश आर्य ने प्रियांशु को बधाई दी। खिलाड़ी प्रियांशु ने बताया कि वह अब दुबई में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेंगे। उन्होंने सभी छात्रों को पेंचक सिलाट खेल से संबंधित बातें बताते हुए कहा कि यह खेल शारीरिक, मानसिक ,सामाजिक और सांस्कृतिक विकास का साधन है। इसका अभ्यास जीवन में संतुलन और आत्मनिर्भरता लाने में मदद करता है।