भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। डीसी ने 17 जुलाई को पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज के जिला मुख्यालय पर होने वाले उद्घाटन समारोह के लिए निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों को समारोह में कोई कमी न रखने को कहा। समारोह के दौरान जींद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
बैठक में एसएसपी सुमित कुमार, एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापत, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के संयुक्त निदेशक विजय मलिक, एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, नगराधीश अनिल कुमार और डिप्टी मेडिकल ऑफिसर राजेश कुमार मौजूद रहे।
पेयजल व्यवस्था और बिजली की निर्बाध आपूर्ति करने को कहा
डीसी ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से भिवानी के पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ करेंगे। इसका सीधा प्रसारण भिवानी में मिल्क प्लांट के पास मेडिकल कॉलेज परिसर में दिखाया जाएगा। यह कार्यक्रम जींद में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के अनुसार सुबह नौ बजे शुरू होगा।
डीसी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और पार्किंग की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने पर्याप्त पेयजल व्यवस्था और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर परिषद को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
पंडाल व्यवस्था के लिए दिए निर्देश
डीसी ने मेडिकल साइंस एवं चिकित्सा अनुसंधान विभाग के संयुक्त निदेशक विजय कुमार से समारोह की तैयारियों की जानकारी ली। डीसी ने पंडाल में लोगों के बैठने की सही व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अलग-अलग सेक्टर बनाने और मंच पर बड़ी स्क्रीन के साथ पंडाल में दो छोटी एलईडी स्क्रीन लगाने को कहा। इससे अंतिम पंक्ति में बैठा व्यक्ति भी प्रधानमंत्री मोदी के समारोह को आसानी से देख सकेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह में इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग होगा। समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन में पूरा उत्साह है। इस मौके पर जीएम रोडवेज दीपक कुंडू, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर, पीएमओ बलवान सिंह और डीआईओ अमित लांबा भी मौजूद रहे।