दिवाली पर चिकित्सा, बिजली और दमकल सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया है। दिवाली पर जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में दो चिकित्सकों की ड्यूटी रहेगी, वहीं स्टाफ भी बढ़ा दिया है। इसी के साथ बिजली निगम के फील्ड कर्मचारियों को भी पेट्रोलिंग कर बिजली लाइनों की निगरानी के आदेश दिए हैं।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग ने भी सभी दमकल गाड़ियों को अलर्ट पर रखा है और कहीं पर भी आग लगने की सूचना के मात्र दस मिनट में गाड़ी मौके पर पहुंचेगी। दमकल सेवाओं को पुलिस विभाग की डायल 112 से जोड़ा गया है।दिवाली पर रविवार को बिजली के फील्ड कर्मचारियों, दमकल कर्मियों के साथ आपात स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द रहेंगी।
जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में दिवाली पर स्पेशल दो चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं माइनर ओटी में जलने सहित आपात स्थिति में घायलों को दी जाने वाली सभी दवाइयां भी मुहैया कराई गई हैं। आम तौर पर आपातकालीन विभाग की एक शिफ्ट में तीन का स्टाफ तैनात रहता है। मगर दिवाली पर चार का स्टाफ तैनात रहेगा। आपातकालीन विभाग में सिक्योरिटी सुरक्षा कर्मचारी भी बढ़ा दिए हैं। प्रत्येक शिफ्ट में पांच सिक्योरिटी कर्मचारी आपातकालीन विभाग की व्यवस्था संभालेंगे। इसी तरह दमकल विभाग के सभी गाड़ियों को अलर्ट पर रखा गया है। डायल 112 पर कॉल आते ही दमकल कर्मचारी मौके पर तुरंत पहुंचेंगे। इसी तरह निगम कर्मचारी भी फीडरों पर अचानक आने वाले फाल्ट से निपटने के लिए पेट्रोलिंग कर लाइनों की लगातार निगरानी रखेंगे।
दिवाली पर निगम के फील्ड कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। उन्हें फीडरों पर लगातार लाइनों की पेट्रोलिंग कर निगरानी के निर्देश हैं। पावर सब स्टेशनों पर भी व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए जा चुके हैं। दिवाली के त्योहार में बिजली का कोई खलल नहीं पड़ने दिया जाएगा।
- सुरेंद्र सिंह, महाप्रबंधक, भिवानी सर्कल दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।
आपातकालीन विभाग में दिवाली पर विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने दो चिकित्सकों की तैनाती दी है, वहीं स्टाफ भी बढ़ाया है। पटाखों से जले घायलों के लिए भी आपात विभाग में पर्याप्त दवाएं हैं।
-मोनिका, इमरजेंसी इंचार्ज, सीनियर स्टाफ, नागरिक अस्पताल।