खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ पर परेड निकालती खिलाड़ी।
तोशाम। चौधरी बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय की 18वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रार्थना को सर्वश्रेष्ठ एथलीट के तौर पर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत प्राचार्य डॉ. रणधीर सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य ने विद्यार्थियों के जीवन में खेल के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिकता और भाईचारे का विकास करते हैं, जो एक अच्छे समाज के निर्माण में सहायक होते हैं।
महाविद्यालय प्राचार्य मंजीत सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी पर्याप्त महत्व दिया जाता है। छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि एमएनएस राजकीय महाविद्यालय भिवानी के प्राचार्य डॉ. जगबीर सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया और कहा कि खेल जीवन के लिए आवश्यक होने के साथ-साथ स्वास्थ्य बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
ये रहे खेलकूद प्रतियोगिता के परिणाम
महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 100 मीटर दौड़ में भावना प्रथम, शर्मिला दूसरे और मोनिका तीसरे स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में भावना प्रथम, मोनिका दूसरे और शर्मिला तीसरे स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में भावना प्रथम, प्रार्थना दूसरे और मोनिका तीसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर दौड़ में प्रार्थना प्रथम, उषा दूसरे और मोनिका तीसरे स्थान पर रहीं। डिस्कस थ्रो में प्रार्थना प्रथम, शर्मिला दूसरे और संजू तीसरे स्थान पर रहीं। शॉटपुट में शर्मिला प्रथम, संजू दूसरे और प्रार्थना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में शर्मिला प्रथम, आरती दूसरे और मोनिका तीसरे स्थान पर रहीं। थ्री लैग रेस में उषा ने प्रथम और शर्मिला ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लेमन रेस में भावना प्रथम, आरती दूसरे और मुस्कान तीसरे स्थान पर रहीं।