भिवानी। प्रदेश के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि भाजपा सरकार अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति के उत्थान व कल्याण के लिए कार्य कर रही है। गरीब लोगों के हित में अनेक योजनाएं लागू की है, जिससे उनको सीधा फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज मेहनतकश व ईमानदार लोगों का समाज है।
उन्होंने कहा कि इस समाज के लोगों को अपनी संतानों को अच्छी शिक्षा व संस्कार देने चाहिए ताकि समाज व देश तरक्की कर सके। भाजपा सरकार ने गरीब परिवारों के बच्चों को बिना खर्ची व पर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां दी हैं। भिवानी में मंत्री ने कमला भवन के समीप एक निजी अस्पताल का भी शुभारंभ किया।
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री गंगवा रविवार को पुरानी अनाज मंडी में प्रजापति समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री गंगवा को पगड़ी पहनकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में नौकरियों को बेच दिया जाता था, जिसे प्रभावी व्यक्तियों द्वारा ही प्राप्त किया जाता था। इसके अलावा पूर्ववर्ती सरकारों ने पिछड़ा वर्ग के साथ धोखा किया व एससी-बीसी कोटा भी नहीं दिया था। लेकिन भाजपा सरकार ने क्रीमीलेयर की आय सीमा को बढ़ाया व बैकलॉग को भी पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शपथ लेने से पहले ही 25,000 युवाओं को नौकरियां दी हैं।
कार्यक्रम को माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ईश्वर सिंह मालवाल, पिछड़ी जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष सतबीर वर्मा व ठेकेदार प्रधान धर्मवीर व नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के आयोजक नगर परिषद के वाइस चेयरमैन मामन चंद ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए प्रजापति समाज के लिए मांग पत्र प्रस्तुत किया।
इस मौके पर कार्यक्रम आयोजक नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन मामन चंद, धर्मबीर ठेकेदार, रमेश टाक, अर्जुन प्रजापति, रामचंद्र गंगवा ,महाबीर मोखरा, सतबीर बेरला, कृष्ण सैनी, आशीष प्रजापति व अन्य उपस्थित रहे।